MP Rashid Engineer Attacked: अवामी इतिहाद पार्टी (AIP) के सांसद शेख अब्दुल राशिद (इंजीनियर राशिद) ने एक बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने अपने वकील से मुलाकात के दौरान बताया कि तिहाड़ जेल में उनपर जानलेवा हमला हुआ। राशिद एक कश्मीरी अलगाववादी राजनीतिज्ञ हैं और वर्तमान में भारत के जम्मू और कश्मीर राज्य के बारामूला निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं।
राशिद पर आतंकवादियों को धन मुहैया कराने का आरोप है, जिस कारण वह दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं। राशिद ने आरोप लगाया कि उनपर किन्नरों ने हमला किया। उनपर गेट फेंका गया।
राशिद के वकील का तिहाड़ अधिकारियों पर आरोप
वकील जावेद हुब्बी ने सांसद राशिद से मुलाकात के बाद कहा कि तिहाड़ जेल प्रशासन ने कश्मीरी कैदियों को परेशान करने के नए तरीके निकाल लिए हैं। उनके बैरकों में किन्नरों को रखा जाता है और माहौल बिगाड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।
AIP ने जताई चिंता
अवामी इतिहाद पार्टी के बयान में वकील हुब्बी की सांसद राशिद से हुई बातचीत पर प्रकाश डाला। पार्टी ने कहा, 'इंजीनियर राशिद को किन्नरों ने धक्का देकर गेट उन पर गिरा दिया। वो किसी तरह बच गए।' दावा किया गया कि जैसे ही कश्मीरी कैदी नमाज पढ़ते हैं तो उत्पीड़न और बढ़ जाता है। इसको लेकर पार्टी ने चिंता जताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की है।
