Shashi Tharoor : कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के दो वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर चुनाव मैदान में हैं। दोनों ही नेता समर्थन पाने के पार्टी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इस पद के लिए चुनाव 17 अक्टूबर को होना है। इस बीच, शशि थरूर ने एक बयान दिया है जिसके कई मतलब निकाले जा रहे हैं। माना जा रहा है कि तिरूवनंतपुरम के सांसद ने एक तरह से राहुल गांधी की प्रशंसा की है। थरूर ने मंगलवार को दावा किया कि पार्टी में कुछ ऐसे नेता भी हैं जो चाहते हैं कि वह अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ें, इस बात को उन्होंने राहुल गांधी से कहा था लेकिन राहुल ने नेताओं की बात नहीं सुनी और उनसे कहा कि उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए।
राहुल का मानना है कि इससे पार्टी को फायदा पहुंचेगा-थरूर
थरूर ने कहा, 'वह (राहुल गांधी) चाहते हैं कि मैं चुनाव लड़ूं क्योंकि उनका मानना है कि इससे कांग्रेस को फायदा पहुंचेगा।' कांग्रेस अध्यक्ष पद की लड़ाई में खड़गे और थरूर आमने-सामने हैं। हालांकि, अध्यक्ष पद की रेस में खड़गे आगे दिखाई देते हैं। पार्टी के ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं यहां तक कि ग्रुप-23 के नेताओं का समर्थन उनके पास है। खड़गे के पार्टी के 'आधिकारिक उम्मीदवार' के रूप में देखा जा रहा है। अपने चुनाव लड़ने के बारे में थरूर ने कहा है कि वह पार्टी में बदलाव लाने के लिए चुनाव मैदान में हैं।
'मुझे किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं'
थरूर ने कुछ समय पहले कहा था, 'मैं गांधी परिवार के तीनों सदस्यों सोनिया, राहुल और प्रियंका से मिला। उन्होंने बार-बार मुझसे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है और आगे न ही कोई होगा। वे स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं। इस चुनाव में गांधी परिवार तटस्थ एवं पार्टी की मशीनरी निष्पक्ष रहेगी। वे एक अच्छा चुनाव और पार्टी को मजबूत करना चाहते हैं। पार्टी की अध्यक्ष की ओर से भरोसा दिए जाने के बाद मुझे किसी प्रकार का कोई संदेह नहीं है।'
थरूर को युवा नेताओं का समर्थन
कांग्रेस सांसद के अनुसार, उनके ज्यादातर समर्थक युवा नेता हैं और पार्टी कार्यकर्ता हैं, हालांकि उन्हें हर किसी के समर्थन की जरूरत है। यह पूछे जाने पर कि क्या सुधाकरन की टिप्पणी उन लोगों को हतोत्साहित करने के लिए है जो उनका समर्थन कर रहे हैं, तो थरूर ने कहा, ‘हो सकता है। लेकिन मैं ऐसा नहीं कर रहा हूं। मैं यह नहीं बता सकता कि लोगों के दिमाग में क्या चल रहा है। मैं सिर्फ एक चीज कहूंगा कि चाहे कोई कुछ गुप्त रूप से कहे या सार्वजनिक रूप से कहे, मतदान गोपनीय है।’
केरल में अपने लिए समर्थन जुटा रहे थरूर
थरूर इस समय अपने गृह राज्य केरल में हैं और पार्टी नेताओं से मुलाकात कर अपने लिए समर्थन जुटा रहे हैं। मंगलवार को वह पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष टी बालाकृष्ण पिल्लई से मिले और उनका आशीर्वाद लिया। तिरूवनंतपुरम से लोकसभा सांसद पार्टी के मुख्यालय भी पहुंचे। पार्टी मुख्यालय पर कांग्रेस के युवा नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। थरूर ने कहा कि ये सभी यवा नेता मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष एवं जमीनी स्तर के नेता हैं।
