देश

क्या सांसद केरल में बन सकता है मुख्यमंत्री? काउंटिंग से पहले शशि थरूर ने दिया क्लियर जवाब; बताई प्रक्रिया

Kerala Election Result 2026: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने तिरुवनंतपुरम में कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री का चयन विधायकों की राय और हाईकमान के फैसले से होता है। उन्होंने LDF के भविष्य और पश्चिम बंगाल चुनावों पर भी अपनी राय दी।

Image

विधायकों की राय के बाद हाईकमान लेता है अंतिम फैसला-थरूर

Photo : ANI

Kerala Election Result 2026: केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने हाल ही में मीडिया से बातचीत के दौरान कई राजनीतिक सवालों पर अपनी राय रखी। उनसे पूछा गया कि क्या एक सांसद राज्य का मुख्यमंत्री बन सकता है, इस पर उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए कांग्रेस पार्टी की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस में मुख्यमंत्री चुनने की एक तय प्रक्रिया होती है। चुनाव परिणाम आने के बाद जीतने वाले विधायकों से पार्टी अध्यक्ष का कोई प्रतिनिधि या दूत मुलाकात करता है।

अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान का

वह यह समझने की कोशिश करता है कि विधायकों की राय क्या है और वे किसे नेता के रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद यह जानकारी दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दी जाती है। अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस में अंतिम फैसला किसी एक नियम से बंधा नहीं होता, बल्कि परिस्थितियों और पार्टी की जरूरतों के अनुसार लिया जाता है।

इसके अलावा उन्होंने यह भी टिप्पणी की कि आने वाले समय में एक बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है। उनके अनुसार, यदि ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) देश के किसी भी राज्य में सत्ता में नहीं रहेगा। उन्होंने 2011 के चुनावों का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय भी एलडीएफ को कई राज्यों में हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन तब भी वे त्रिपुरा में सत्ता में थे। इस बार स्थिति और अलग हो सकती है।

एग्जिट पोल को लेकर काफी भ्रम की स्थिति

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर शशि थरूर ने कहा कि वहां के एग्जिट पोल को लेकर काफी भ्रम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि उनका मानना है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर चुनाव जीत सकती हैं, लेकिन पिछली बार की तुलना में उनकी जीत का अंतर कम हो सकता है। इस पूरे बयान में शशि थरूर ने जहां कांग्रेस की आंतरिक प्रक्रिया पर प्रकाश डाला, वहीं देश की बदलती राजनीतिक तस्वीर को लेकर भी अपने विचार साझा किए।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article