देश

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयान पर भाजपा का तीखा हमला, कहा- कांग्रेस बन चुकी है 'मुस्लिम लीग-माओवादी'

सोमवार को नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति के बयान ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस अब पूरी तरह से "मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस" में बदल चुकी है।

Image

सुधांशु त्रिवेदी का कांग्रेस और हामिद अंसारी पर पलटवार

पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विचारों का हवाला देने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा ने आरोप लगाया कि हामिद अंसारी के बयान से मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस का "मुस्लिम लीग-माओवादी" चरित्र पूरी तरह उजागर हो गया है। शनिवार को 'इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर' में दिवंगत संविधान विशेषज्ञ व लेखक ए.जी. नूरानी की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हामिद अंसारी ने नूरानी की 2019 की पुस्तक 'द आरएसएस: ए मेनेस टू इंडिया' का जिक्र किया था। उन्होंने कहा कि नेहरू का मानना था कि "भारत के लिए असली खतरा साम्यवाद (कम्युनिज्म) नहीं, बल्कि हिंदू दक्षिणपंथी सांप्रदायिकता है।"

"कांग्रेस अब पूरी तरह 'मुस्लिम लीग-माओवादी' बन चुकी है"

सोमवार को नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति के बयान ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस अब पूरी तरह से "मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस" में बदल चुकी है। त्रिवेदी ने तर्क दिया कि पूर्व उपराष्ट्रपति की टिप्पणी से यह भी संकेत मिलता है कि नेहरू कम्युनिज्म को एक खतरे के रूप में देखते थे, जबकि वर्तमान कांग्रेस अति-वामपंथी (Ultra-left) विचारधारा की ओर बढ़ गई है।

उन्होंने कहा, आज की कांग्रेस पूरी तरह अति-वामपंथी हो चुकी है। उसने कम्युनिज्म में छलांग लगा दी है, जिसे खुद नेहरू एक खतरा मानते थे। कांग्रेस आज वही ऐतिहासिक भूल दोहरा रही है जो उसने 100 साल पहले की थी। भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे नेहरू के बयानों को उद्धृत करने से पहले यह जरूर सोच लें कि खुद पूर्व प्रधानमंत्री ने अपनी किताबों में क्या लिखा है, क्योंकि शायद मौजूदा कांग्रेसियों ने उन्हें पढ़ा ही नहीं है।

राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर निशाना

इंदौर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सुधांशु त्रिवेदी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस पद पर बने रहने के योग्य हैं या नहीं, यह एक 'यक्ष प्रश्न' है।

राहुल गांधी के रवैये पर टिप्पणी करते हुए त्रिवेदी ने कहा, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के पद की गरिमा और गंभीरता से समझौता करते हुए इसे एक मजाकिया विदूषक जैसा बना दिया है। अगर सरल हिंदी में कहें तो वे 'जोकराई' पर उतर आए हैं। उल्लेखनीय है कि शनिवार को इंदौर में युवाओं से संवाद के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा था कि देश से नफरत को सिर्फ छात्र ही उखाड़ फेंक सकते हैं, न कि अंधभक्त।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article