देश

शहजाद भट्टी नेटवर्क पर केंद्र का बड़ा एक्शन, UAPA के तहत आतंकी संगठन घोषित

केंद्र सरकार ने शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। सरकार ने इसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम)अधिनियम यानी UAPA के तहत प्रतिबंधित आतंकी संगठनों की सूची में शामिल करने का आदेश जारी किया है। यह कार्रवाई हाल में इस नेटवर्क के खिलाफ कई राज्यों में हुई बड़ी कार्रवाई के बाद सामने आई है।

Image

शहजाद भट्टी नेटवर्क पर केंद्र का बड़ा एक्शन।

केंद्र सरकार ने पाकिस्तान स्थित और ISI समर्थित बताए जा रहे शहज़ाद भट्टी नेटवर्क (SBN) के खिलाफ बड़ा कानूनी कदम उठाते हुए इसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के बाद नेटवर्क के खिलाफ जांच एजेंसियों की कार्रवाई को और कानूनी आधार मिला है।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। अमित शाह ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस के विजन के तहत ये एक्शन लिया गया है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि यह समूह सीमा पार हथियारों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल है, साथ ही युवाओं और छोटे-मोटे अपराधियों को आतंकवाद के लिए उकसाता है। भारत की लोकतांत्रिक संरचना और सांप्रदायिक सद्भाव को निशाना बनाते हुए, इस सिंडिकेट ने नफरत फैलाने वाली डिजिटल सामग्री भी प्रकाशित की है।

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब सुरक्षा एजेंसियां पहले ही SBN के खिलाफ देश के कई राज्यों में बड़े स्तर पर कार्रवाई कर चुकी हैं। गृह मंत्रालय के मुताबिक, 12 अगस्त को 14 राज्यों में एक साथ ऑपरेशन चलाकर 253 लोगों को हिरासत में लिया गया था। इस नेटवर्क के खिलाफ अब तक 80 से ज्यादा FIR और 200 से अधिक गिरफ्तारियां दर्ज की जा चुकी हैं।

IED से लेकर पाकिस्तान मार्किंग वाले ग्रेनेड तक बरामद

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरे बरामद किए गए। एजेंसियों का दावा है कि इन बरामदगी से नेटवर्क के सीमा-पार कनेक्शन सामने आए हैं।

SBN पर भारत में ग्रेनेड, IED और पेट्रोल बम हमलों तथा टारगेट किलिंग से जुड़े होने का आरोप है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करवाता था और संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाकर निगरानी करता था।

14 राज्यों में एक साथ कार्रवाई

12 अगस्त के ऑपरेशन में उत्तर प्रदेश में 62, हरियाणा में 52, दिल्ली में 51 और पंजाब में 44 लोगों को हिरासत में लिया गया। राजस्थान में 15, महाराष्ट्र में 8 और उत्तराखंड में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया। कर्नाटक, गुजरात और बिहार में 3-3 तथा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल में 2-2 लोगों को हिरासत में लिया गया। दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गईं। SBN से जुड़े मामलों में UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और एक्सप्लोसिव सब्सटेंसेज एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

अमित शाह ने कहा था- नेटवर्क की साजिश नाकाम

17 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई कर ISI समर्थित बताए जा रहे इस नेटवर्क को ध्वस्त किया और 200 से ज्यादा ऑपरेटिव्स को गिरफ्तार कर संभावित विध्वंसक हमलों की साजिश नाकाम की।

अब UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किए जाने के बाद शहज़ाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का अगला चरण शुरू हो गया है। गृह मंत्रालय की कार्रवाई इसे देश की आतंकवाद-रोधी कानूनी व्यवस्था के तहत औपचारिक रूप से सूचीबद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article