वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को देश की घरेलू खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है। महेश दीक्षित 1993 बैच के तेलंगाना कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे मौजूदा चीफ तपन डेका की जगह लेंगे। तपन डेका को पहले ही दो बार सेवा विस्तार मिल चुका है, ऐसे में वे 30 जून इस पद से रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायर होने के बाद महेश दीक्षित आईबी की जिम्मेदारी संभालेंगे। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने इस बाबत आदेश जारी कर दिया है।
1993 बैच के तेलंगाना कैडर के आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित वर्तमान में इंटेलिजेंस ब्यूरो में विशेष निदेशक (Special Director) के पद पर कार्यरत हैं। इस आदेश में कहा गया है कि महेश दीक्षित की नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की अवधि के लिए अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी। नियुक्ति के साथ उन्हें सेवा विस्तार भी प्रदान किया गया है।
उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब देश आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद, कट्टरपंथ और सीमा पार से होने वाली घुसपैठ जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा है।
बता दें कि महेश दीक्षित को खुफिया संचालन और आंतरिक सुरक्षा मामलों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में इंटेलिजेंस ब्यूरो की सहायक खुफिया इकाई (Subsidiary Intelligence Bureau) के प्रमुख के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं। वे जम्मू, कश्मीर घाटी और लेह जैसे बेहद संवेदनशील क्षेत्र में काम कर चुके हैं।
बता दें कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति को स्थिर बनाए रखने और क्षेत्रीय सुरक्षा खतरों पर नजर रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर मजबूत खुफिया नेटवर्क विकसित किया और कई संवेदनशील अभियानों का नेतृत्व किया। उन्हें आतंकवाद-रोधी अभियानों, वामपंथी उग्रवाद और सीमा पार से होने वाली घुसपैठ से जुड़े मामलों में विशेषज्ञ माना जाता है। उन्होंने इंटेलिजेंस ब्यूरो में रहते हुए कई संवेदनशील जिम्मेदारियां निभाई हैं।
