देश

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई; कठुआ में 3 आतंकी ठिकानों का पर्दाफाश

कठुआ जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के कई ठिकानों का खुलासा किया है, जहां उनके आपराधिक उपकरण और सामग्री बरामद हुई। तलाशी अभियानों के दौरान आतंकियों के साथ मुठभेड़ भी हुई, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। इलाके में अभियान अभी भी जारी है और सुरक्षा बल सक्रिय रूप से तलाशी कर रहे हैं।

Image

सुरक्षाबलों ने कठुआ में तीन आतंकवादी ठिकानों का किया भंडाफोड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Kathua News: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के तीन ठिकानों का पता लगाया है। अधिकारियों के अनुसार, बिलवार क्षेत्र में चलाए गए आतंकवाद-रोधी अभियानों के दौरान ये ठिकाने सामने आए। इस दौरान आतंकियों के साथ दो बार मुठभेड़ भी हुई, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिलवार के कमाद नाला, कालाबन और धनु पारोल के वन क्षेत्रों में राष्ट्रविरोधी तत्वों की गतिविधियों से जुड़ी पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था। अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर भारी गोलीबारी की, जिसका जवानों ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। दोनों ओर से गोलीबारी का सिलसिला रात भर चलता रहा।

कैसे चला ठिकानों का पता?

पुलिस के अनुसार, बुधवार को चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान एक आतंकवादी ठिकाने का पता चला, जहां से एम-4 राइफल के दो खाली खोखे, देसी घी से भरा एक प्लास्टिक कंटेनर, बादाम का पॉलीथीन पैकेट, दस्ताने, टोपी, कंबल, तिरपाल, एक छोटा पाउच और एक पॉलीथीन बैग बरामद किए गए। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को अभियान को आगे बढ़ाते हुए, बिलवार के कालीखाद और कालाबन इलाकों में संयुक्त सुरक्षा बलों ने दो अन्य संदिग्ध ठिकानों का भी खुलासा किया।

क्या-क्या हुआ बरामद?

इन गुप्त ठिकानों से खाना बनाने का गैस सिलेंडर, खाद्य तेल, चार्जर का केबल, दस्ताने, बर्तन, तेल का एक खाली कैन, बड़े प्लास्टिक बैग, टॉर्च, कंबल, एक डिब्बा, खाने-पीने की वस्तुओं के रैपर और अन्य कई सामान बरामद हुए। कठुआ की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मोहिता शर्मा ने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article