Terror Activities: जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले के सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान शुरू किया है। पुंछ जिले के वन क्षेत्र में भी तलाशी अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार देर रात को नौशेरा इलाके में एक महिला द्वारा तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखे जाने की सूचना मिलने पर इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम ने अभियान शुरू किया है।
शोपियां में आतंकियों के मददगार गिरफ्तार
इससे पहले रविवार को सुरक्षाबलों ने शोपियां में आतंकवादियों के दो मददगारों को गिरफ्तार किया जिनके पास से हथियार और गोला बारूद बरामद हुए थे। अधिकारियों ने बताया था कि सेना और सीआरपीएफ 178 बटालियन ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में आतंकवादियों के दो सहयोगियों को धर दबोचा। यह गिरफ्तारी शोपियां के डीके पोरा इलाके से हुई थी।
शोपियां पुलिस ने बताया था कि सुरक्षाबलों ने दो पिस्तौल, चार ग्रेनेड, 43 कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
शोपियां और त्राल मुठभेड़ में 6 आतंकी ढेर
पिछले सप्ताह शोपियां और त्राल में हुई मुठभेड़ में 6 आतंकवादी ढेर हो गए थे। सुरक्षाबलों ने 48 घंटों के भीतर दोनों मुठभेड़ों को अंजाम दिया था जिसमें शोपियां में तीन और त्राल में 3 आतंकवादी मारे गए थे।
