देश

' डोनाल्ड ट्रंप को सुधारना मेरा कर्तव्य', ममता बनर्जी के समर्थन में भी खुलकर उतरे संजय राउत, बोले-लोकतंत्र बचाने के...

Sanjay Raut: शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने पश्चिम बंगाल चुनावों को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पत्र लिखा है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और लोकतंत्र को लेकर सवाल उठाए तथा कहा कि विपक्ष ममता बनर्जी के साथ खड़ा रहेगा।

Image

बंगाल चुनाव को लेकर संजय राउत का बड़ा बयान

Photo : ANI

Sanjay Raut: शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र के नाम पर जो कुछ हो रहा है, उसकी जानकारी दुनिया को भी होनी चाहिए। इसी वजह से उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) को पत्र लिखकर अपनी बात रखी। संजय राउत ने कहा कि उन्हें यह खबर गलत लगी कि डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अगर भारत में किसी राज्य या पंचायत चुनाव में कोई पार्टी जीतती है, तो दुनिया के बड़े नेता आमतौर पर उस पर प्रतिक्रिया नहीं देते। राउत के अनुसार, यह भारत का आंतरिक मामला है।

बंगाल, तमिलनाडु और असम में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश-राउत

उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल, तमिलनाडु और असम जैसे राज्यों में लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। राउत ने कहा कि विपक्ष के कई नेता, जैसे राहुल गांधी (Rahul Gandhi), उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) और ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) पहले भी चुनाव प्रक्रिया और संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठा चुके हैं। राउत ने कहा कि उन्होंने ट्रंप को यह बताने की कोशिश की कि चुनावों के दौरान डर और दबाव का माहौल होने के आरोप लगे हैं।

निष्पक्ष और पारदर्शी होने चाहिए चुनाव-शिवसेना यूबीटी

उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्रीय सुरक्षा बलों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से नहीं चलता, बल्कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी भी होने चाहिए। तमिलनाडु की राजनीति पर बोलते हुए राउत ने राज्यपालों की भूमिका को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार सबसे बड़ी पार्टी को पहले सरकार बनाने का मौका मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राज्यों में राजभवन बीजेपी के हित में काम कर रहे हैं।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी चुनाव नतीजों के बाद सख्त रुख दिखाया है। उन्होंने कहा कि वह इस्तीफा नहीं देंगी और लोकतंत्र बचाने की लड़ाई जारी रखेंगी। ममता ने आरोप लगाया कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं हुए और उनकी पार्टी के कई कार्यालयों पर कब्जा कर लिया गया। संजय राउत ने कहा कि विपक्षी दल ममता बनर्जी के साथ खड़े रहेंगे। उनके अनुसार, लोकतंत्र बचाने की यह लड़ाई पूरे देश में जारी रहेगी और विपक्ष एकजुट होकर इसका मुकाबला करेगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article