देश

Sambhal: सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को थोड़ी राहत, 2 जनवरी को इलाहाबाद हाई कोर्ट में सुनवाई

Ziaur Rahman Barq: यूपी के संभल में हुई हिंसा मामले में मुख्य आरोपी समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क को थोड़ी राहत मिली है। सांसद की अपील पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में दो जनवरी को मामले की सुनवाई होगी। सपा सांसद पर बिजली चोरी का मुकदमा भी दर्ज हो चुका है। उन्होंने अपील में खुद के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर को रद्द करने की मांग की है।

Image

संभल हिंसा मामले में सांसद जियाउर्रहमान बर्क की अपील पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में होगी सुनवाई।

Court News: क्या समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क को संभल हिंसा मामले में अदालत से राहत मिलेगी? इस सवाल का जवाब तो मामले की सुनवाई के बाद ही मिल पाएगा। उत्तर प्रदेश के संभल में हुई हिंसा मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान मुख्य आरोपी हैं। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस मामले में उनकी गुहार सुन ली है। अदालत ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली है। उन्होंने याचिका में अदालत से अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की अपील की है।

संभल सांसद की याचिका पर अदालत में सुनवाई कब?

जियाउर्रहमान बर्क ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर ये अपील की है कि उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द किया जाए। उनकी याचिका पर सुनवाई के लिए अदालत ने मंजूरी दे दी है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अगले साल 2 जनवरी को मामले की सुनवाई की जाएगी। सूत्रों के हवाले से ये भी जानकारी सामने आई है कि संभल पुलिस उनकी इस अपील का अदालत में विरोध करेगी और सांसद के खिलाफ सबूत अदालत में पेश करेगी।

सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर क्या है आरोप?

सांसद जियाउर्रहमान पर आरोप है कि उनके भड़काऊ सांसद के कारण ही संभल की शाही जामा मस्जिद में सर्वे के दौरान हिंसा भड़की थी। पुलिस ने ये आरोप लगाए हैं। हालांकि सपा सांसद ने अदालत में दायर किए अपनी याचिका में ये हवाला दिया है कि वो एक पढ़े-लिखे इंसान हैं, उन्होंने ये दावा किया कि इस हिंसा से उनका कोई कनेक्शन नहीं है। उन्होंने ये भी अपील की है कि उनके खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर को रद्द कर दिया जाना चाहिए।

स्थानीय कोर्ट के आदेश पर बीते 24 नवंबर को संभल में शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए थे।

सपा सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज

हाल ही में उत्तर प्रदेश के संभल में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर बिजली विभाग की छापेमारी के बाद बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कर किया गया। बताया जा रहा है कि जांच में गड़बड़ी मिली है। बिजली विभाग ने सपा सांसद के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया। इसके साथ ही उनके सहयोगियों पर विभाग के अधिकारियों को भी धमकाने का आरोप लगा।

विभाग की तरफ से दी गई तहरीर में लिखा गया कि दिनांक 19 दिसम्बर को प्रातः 7.30 बजे लगभग विद्युत उपभोक्ता जियाउर रहमान पुत्र ममलूक रहमान निवासी मो. दीपा सराय बल्ले के पुलिया थाना नखासा जिला संभल पर 2 किलोवाट घरेलू सयोजन पर परिसर की जांच करने पर कुल विद्युत भार 16480 वाट पाया गया। विद्युत परीक्षण शाला से प्राप्त उक्त उपभोक्ता के मीटर की जांच करने पर मीटर की एमआरआई रिपोर्ट में पुष्टि होने के उपरान्त यह स्पष्ट होता है कि मीटर को बाईपास कर अवैध रूप से विद्युत का प्रयोग कर विद्युत चोरी की गई है। अतः उक्त उपभोक्ता के विरुद्ध विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही करने की की जाए।

एएसपी श्रीशचन्द्र ने बताया था कि बिजली विभाग ने बताया कि बिजली की जांच के दौरान सपा सांसद के पिता ने धमकाया है। इस क्रम में तहरीर प्राप्त की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एक अधिकारी ने बताया कि बिजली विभाग ने सांसद बर्क पर बिजली चोरी के आरोप में 1.91 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया और बिजली चोरी के आरोप में उनके आवास की बिजली आपूर्ति भी काट दी गई।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article