देश

पंजाब में भाजपा सरकार नहीं है लेकिन विकास के लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ रहे- जालंधर में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब के जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने अमृतसर और काशी को जोड़ने वाली एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

Image

जलांधर में पीएम मोदी एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए (फोटो-BJP)

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर में विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए देश और खासकर पंजाब के लोगों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि विकास के प्रयासों को और गति देते हुए, आज जालंधर से कई नई रेल सेवाओं की शुरुआत की गई है। इस मौके पर पीएम मोदी ने पहले की सरकारों पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब में भाजपा सरकार नहीं है लेकिन हमारा पंजाब विकसित हो इसलिए केंद्र की भाजपा और एनडीए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ रही है। 2014 से पहले रेलवे की क्या स्थिति थी आप जानते हैं। कांग्रेस सरकार नए स्टेशनों की झूठी घोषणा करके आराम से बैठ जाती थी। हमारे रेलवे स्टेशनों को कांग्रेस ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। अंग्रेजों के जमाने में जो स्टेशन बने थे उनकी भी सुध नहीं ली गई।

कई रेल सेवाओं की शुरुआत

आज अमृतसर और काशी को जोड़ने वाली एक नई रेल सेवा भी शुरू हुई है। इससे गुरु रविदास जी के भक्तों के लिए पंजाब से काशी की यात्रा काफी आसान हो जाएगी। इसके अलावा, आज दौलतपुर चौक और करटोली के बीच एक नई रेलवे लाइन का भी उद्घाटन किया गया है... आज ही लुधियाना बाईपास का शिलान्यास और दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के एक और खंड (सेक्शन) का उद्घाटन भी हुआ है। पीएम मोदी ने कहा, "मैं इन सभी परियोजनाओं के लिए देशवासियों और विशेष रूप से पंजाब के लोगों को अपनी हार्दिक बधाई देता हूं।"

आप सरकार पर हमला

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में पंजाब की आप सरकार पर भी जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा, "आज पंजाब में क्या हो रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। यहां विज्ञापनों के दम पर विश्वासघात की तस्वीर छिपाई जा रही है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था बेहाल है। कब, कहां गैंगवार हो जाए, किस दिशा से गोलियां चलने लगें, कोई कह नहीं सकता। यहां व्यापार-कारोबार करना मुश्किल हो गया है। सरेआम लोगों से फिरौती मांगी जा रही है। आए दिन थानों पर अटैक होते हैं। और सबसे दुखद यह है कि पंजाब का भविष्य भी बर्बाद किया जा रहा है। नशे के सौदागर खुलेआम घूम रहे हैं, पंजाब के युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है। आज जो लोग पंजाब की सत्ता में बैठे हैं, वे बहुत घमंड से देश की राजनीति बदलने का दावा करते थे। लेकिन आज इनकी सच्चाई पूरा देश देख रहा है। दो-तीन दिन पहले ही दिल्ली में इनके नेता को अदालत ने दोषी करार दिया है, और अब उसमें भी मजहब ढूंढा जा रहा है, क्योंकि इनके वोट बैंक का सवाल है। साथियों, कुछ दिन पहले ही गुजरात में इनके एक विधायक को कोर्ट ने सात साल की सजा सुनाई है। यह सजा सरकारी अधिकारियों पर हमले और वसूली के मामले में सुनाई गई है। वसूली, उगाही, अवैध कब्जा ये सब अब इनकी राजनीति का ट्रेडमार्क बन चुके हैं। ऐसे ही अनेक मामलों में कई लोग अभी भी जमानत पर बाहर घूम रहे हैं।"

'असली बदलाव भाजपा ही ला सकती है'

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब में असली बदलाव भाजपा ही ला सकती है। पंजाब को विकसित, आत्मनिर्भर बनाने का काम भाजपा ही करेगी। पंजाब में नया निवेश आए, पंजाब में रोजगार के नए अवसर बनें, पंजाब में बने प्रोडक्ट दुनिया के कोने-कोने में पहुंचे, ये काम भाजपा ही करेगी। पीएम मोद ने आप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता की सेवा का काम साफ नीयत से होता है, ईमानदारी की भावना से होता है। लेकिन आज जो पार्टी पंजाब में सरकार में है, उसकी ना नीयत साफ है और ना ही वो ईमानदार है। उसकी पहचान ही कट्टर बेईमान पार्टी की है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें