Firozabad Police Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में इटावा के विशेष अभियान दल (एसओजी) और पुलिस की संयुक्त टीम को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। बता दें कि शुक्रवार को हुई एक मुठभेड़ में दो कथित इनामी बदमाश मारे गए। इस दौरान गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। अधिकारियों ने उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यह एनकाउंटर दोपहर के आसपास शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नीम खरिया गांव के पास हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी 3 जुलाई को इटावा में हुई झपटमारी की एक वारदात में वांछित थे और पुलिस का पीछा किए जाने पर उन्होंने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी कर दी।
ट्रेन से उतरकर भागे आरोपी
आगरा के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) एस. के. भगत ने बताया कि इटावा एसओजी और निगरानी (सर्विलांस) टीम को सूचना मिली थी कि दोनों वांछित अपराधी गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं। उन्होंने बताया कि फिरोजाबाद पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद उसकी तलाशी शुरू की। दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर पास के एक गांव की ओर भाग गए। पीछा किए जाने पर उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए एक बच्चे को कथित तौर पर बंधक बना लिया, लेकिन बाद में उसे छोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा पीछा जारी रखने पर आरोपियों ने पुलिस की टीम पर कथित तौर पर गोलीबारी की, जिसमें एसओजी सिपाही डेविड चौहान के पेट में तथा सिपाही पुष्पेंद्र के कंधे में गोली लगी। ऐसे में दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसओजी के सिपाही की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगरा रेफर किया गया। अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी और इसके बाद हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपी मारे गए।
आरोपियों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज
मारे गए आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय सुमित और 26 वर्षीय अंकित के रूप में हुई है। एडीजी ने आगे बताया कि दोनों के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे और उन पर इनाम घोषित था। इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव, फिरोजाबाद के एसएसपी आदित्य लांघे, एडीजी एस. के. भगत तथा आगरा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
