हेल्थ

मोबाइल देखने के बाद दूर की चीजें धुंधली क्यों दिखने लगती हैं, आंखों के डॉक्टर ने बताई असली वजह

Blurry Vision After Phone Use Causes: क्या आप जानते हैं मोबाइल चलाने के बाद दूर की चीजें धुंधली दिखना हमेशा आंखों की कमजोरी नहीं होता। डॉक्टर से जानिए इसकी असली वजह और कब आंखों के डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।

Image

स्क्रीन टाइम के बाद दूर का धुंधला क्यों लगता है?

Blurry Vision After Phone Use Causes: आजकल शायद ही कोई ऐसा हो जो दिनभर में कई घंटे मोबाइल न चलाता हो। ऑफिस का काम हो, पढ़ाई हो या फिर सोशल मीडिया, हमारी आंखें लगातार स्क्रीन पर टिकी रहती हैं। ऐसे में कई लोगों को एक बात जरूर महसूस होती है। जैसे ही वे मोबाइल से नजर हटाकर सामने या दूर देखते हैं, कुछ पल के लिए सब धुंधला दिखाई देने लगता है। इससे कई लोग डर जाते हैं कि कहीं उनकी आंखें तो कमजोर नहीं हो गईं। लेकिन हर बार ऐसा होना आंखों की बीमारी का संकेत नहीं होता। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के डॉ. भानु प्रकाश एम., सीनियर कंसल्टेंट कैटरेक्ट, कॉर्निया एंड रिफ्रैक्टिव सर्जन के अनुसार, ज्यादातर मामलों में इसकी वजह लंबे समय तक मोबाइल देखने से आंखों पर पड़ने वाला दबाव होता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।

मोबाइल देखने के बाद धुंधलापन क्यों होता है

डॉ. भानु प्रकाश बताते हैं कि जब हम लंबे समय तक मोबाइल देखते हैं, तो हमारी आंखें लगातार पास की स्क्रीन पर टिकी रहती हैं। इस दौरान आंखों के अंदर मौजूद फोकस करने वाली मांसपेशियां लगातार काम करती रहती हैं। जब अचानक हम दूर देखते हैं, तो इन मांसपेशियों को सामान्य होने में थोड़ा समय लगता है। इसी वजह से कुछ सेकंड के लिए दूर की चीजें धुंधली दिखाई दे सकती हैं। अच्छी बात यह है कि ज्यादातर लोगों में यह परेशानी थोड़ी देर बाद अपने आप ठीक हो जाती है और इसका मतलब यह नहीं कि आंखें हमेशा के लिए खराब हो रही हैं।

कम पलक झपकाना भी बनता है वजह

मोबाइल चलाते समय ज्यादातर लोग सामान्य से कम बार पलकें झपकाते हैं। इसकी वजह से आंखों की नमी कम होने लगती है और आंखें सूखने लगती हैं। जब आंखें सूखी रहती हैं, तो जलन, चुभन और धुंधला दिखने जैसी दिक्कत हो सकती है। अगर घंटों तक बिना रुके मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट का इस्तेमाल किया जाए, तो आंखों की थकान (mobile eye strain) और भी बढ़ जाती है। इसलिए स्क्रीन देखने के दौरान आंखों को बीच-बीच में आराम देना बहुत जरूरी है।

इन लक्षणों को हल्के में न लें

अगर मोबाइल देखने के बाद दूर की चीजें धुंधली दिखें, आंखों में भारीपन महसूस हो, जलन हो, बार-बार सिरदर्द हो या पास से दूर देखने में कुछ सेकंड लगें, तो यह लंबे समय तक स्क्रीन देखने का असर हो सकता है। अगर ये परेशानी कभी-कभी होती है और थोड़ी देर में ठीक हो जाती है, तो आमतौर पर चिंता की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर यह बार-बार होने लगे या ज्यादा देर तक बनी रहे, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा।

इन छोटी-छोटी आदतों से आंखों को मिलेगा आराम

डॉ. भानु प्रकाश सलाह देते हैं कि हर 20 मिनट बाद करीब 20 सेकंड के लिए दूर की किसी चीज को देखें। इससे आंखों को आराम मिलता है। मोबाइल चलाते समय बार-बार पलकें झपकाने की आदत डालें ताकि आंखों की नमी बनी रहे। फोन को आंखों के बहुत पास रखकर न देखें और लगातार कई घंटे स्क्रीन पर नजर टिकाए रखने से बचें। पढ़ाई या ऑफिस के काम के दौरान बीच-बीच में छोटा ब्रेक जरूर लें। इसके अलावा, अंधेरे कमरे में लंबे समय तक मोबाइल इस्तेमाल करने के बजाय पर्याप्त रोशनी में स्क्रीन देखें।

कब आंखों के डॉक्टर से जांच करानी चाहिए?

डॉ. भानु प्रकाश एम. कहते हैं कि अगर धुंधलापन बार-बार हो, लंबे समय तक बना रहे या इसके साथ आंखों में तेज दर्द, लगातार सिरदर्द, एक चीज दो-दो दिखाई देना, अचानक नजर कम होना या आंखों के सामने तेज चमक दिखाई दे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे में जल्द से जल्द आंखों के डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। सही समय पर जांच कराने से यह पता चल जाता है कि परेशानी सिर्फ ज्यादा स्क्रीन देखने की वजह से है या फिर इसके पीछे कोई दूसरी आंखों की समस्या है। इससे समय रहते सही इलाज भी शुरू किया जा सकता है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article