Sam Pitroda racist comment : इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने इस बार भारतीय लोगों पर नस्लीय टिप्पणी की है। भारत के विविधतापूर्ण संस्कृति पर अपनी राय रखते हुए कांग्रेस नेता ने विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत के लोग सफेद गोरे जैसे दिखते हैं जबकि पूर्वी भारत के लोग चाइनीज जैसे दिखते हैं। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत के लोग अफ्रीकी जैसे और पश्चिम भारत के लोग अरब जैसे दिखते हैं। जाहिर है कि भारतीय लोगों पर उनका यह बयान विवाद खड़ा कर सकता है। भारतीय जनता पार्टी उनके इस बयान पर हमलावर हो गई है।
पित्रोदा के इस बयान पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि ये शब्द उनके हैं लेकिन यह सोच राहुल गांधी की है। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पित्रोदा को घेरते हुए कहा कि 'हम देखने में अलग-अलग लग सकते हैं लेकिन हम एक हैं। हमारे देश के बारे में थोड़ा तो समझ लो।'
यह भी पढ़ें- मायावती ने क्यों आकाश आनंद के पर कतर दिए
हाल ही में विरासत टैक्स पर दिया था बयान
पित्रोदा कुछ दिनों पहले विरासत टैक्स को लेकर दिए अपने बयान को लेकर घिर चुके हैं। इस बयान के राजनीतिक नुकसान को देखते हुए कांग्रेस ने उनकी राय से पल्ला झाड़ लिया। कांग्रेस ने कहा कि यह उनकी निजी राय है। दरअसल, पित्रोदा ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए साक्षात्कार में कहा था कि अमेरिका की तरह भारत में भी विरासत पर टैक्स लगना चाहिए जैसा कि अमेरिका में लगता है।
यह भी पढ़ें- ईवीएम, कर्मचारियों को ले जा रही बस जलकर हुई राख
सौहार्दपूर्ण माहौल में रहते हैं लोग-पित्रोदा
दुनिया में एक लोकतांत्रिक देश के रूप में भारत के बढ़ते दबदबे के बारे में अपनी राय रखते हुए पित्रोदा ने कहा कि 'पिछले 75 वर्षों के दौरान इस देश के लोग बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में रहते आए हैं। यहां कभी-कभी छोटे-मोटे झगड़े होते हैं लेकिन लोग इन चीजों को पीछे छोड़ते हुए आपस में मिलकर रहते हैं।' पित्रोदा ने 'द स्टेट्समैन' को दिए साक्षात्कार में ये बातें कहीं।
