Budget 2026: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली। दरअसल, पीएम मोदी ने राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।
PM मोदी पर बरसे राहुल गांधी
संसद का बजट सत्र अब तक हंगामेदार रहा है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है। इस बीच, राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी जी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली। खैर, जो उचित समझा, वही किया।''
'कांग्रेस कभी मेरी कब्र नहीं खोद पाएगी'
पीएम मोदी ने राज्यसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दल लगातार चुनावी हार को पचा नहीं पा रहा है और उनके प्रति गहरी नफरत रखने के बावजूद वह कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा। राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्षी दल द्वारा डाले गए व्यवधान पर खेद जताया और कहा कि यह न केवल एक आदिवासी और महिला राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि उनके सर्वोच्च संवैधानिक पद और भारत के संविधान का भी अपमान है।
PM मोदी ने राहुल के बयान की निंदा की
पीएम मोदी ने ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर राहुल गांधी की 'गद्दार' टिप्पणी की भी निंदा की और इसे पूरे सिख समुदाय का अपमान बताया।कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग 'मोहब्बत की दुकान' की बात करते हैं, वे 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' जैसे नारे लगा रहे हैं, जो चुनावी हार से उत्पन्न उनकी हताशा को उजागर करता है।
उन्होंने कहा, ''यह कैसी मोहब्बत की दुकान है? उन्होंने यह कौन से संविधान से सीखा है? क्या यह संविधान का अपमान नहीं है?'' मोदी ने कहा, "वे कभी मेरी कब्र नहीं खोद पाएंगे।" उन्होंने कहा कि विपक्ष कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा, क्योंकि उन्हें करोड़ों माताओं, बहनों और देश के गरीबों का आशीर्वाद प्राप्त है, जिनके लिए वे निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं।
