PM Modi in Rajya Sabha: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार को निर्मम सरकार करार दिया। उन्होंने कहा कि निर्मम सरकार ने पतन के जितने पैरामीटर हैं, उन सभी पर नए-नए रिकॉर्ड बनाते जा रहे हैं और यहां पर उपदेश देते हैं।
'नौजवानों का हक छीन रहे घुसपैठिए'
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया का समृद्ध से समृद्ध देश भी गैरकानूनी लोगों को बाहर निकाल रहा है, लेकिन हमारे यहां पर घुसपैठियों को बचाने के लिए अदालतों पर दबाव पैदा किया जा रहा है। मेरे देश के नौजवान ऐसे लोगों को कैसे माफ करेगा, जो घुसपैठियों को बचाने के लिए ताकत लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों को हक छीन रहे हैं। रोजी रोटी और जमीन छीन रहे हैं। बेटा-बेटियों के जीवन में खतरे पैदा हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि सत्ता नीति के अलावा इन लोगों को कुछ करना नहीं है और वो यहां पर हमें उपदेश दे रहे हैं। ऐसे चिंताजनक सभी विषयों पर आंखें मूंदकर बैठे हुए हैं।
PM मोदी ने AAP को भी घेरा
पीएम मोदी ने आम आदमी पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि एक माननीय सदस्य सदन में काफी कुछ बोल रहे थे। जिनकी पूरी सरकार शराब में डूब गई, जिनका शीशमहल घर-घर में नफरत का कारण बन गया...
उन्होंने शायराना अंदाज में तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, कांग्रेस सहित सभी विपक्षी पार्टियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा- 'तुम कितना दुनिया को धोखा दोगे, आईना देख लिया तो अपनी सच्चाई कहां छिपाओगे।' उन्होंने कहा कि कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके, लेफ्ट पार्टियां दशकों तक सत्ता में या सत्ता के भागीदारी रहे हैं और राज्यों में भी उन्हें सरकारें चलाने का मौका मिला था... आज डील की चर्चा होती है तो गौरव से कहते हैं, लेकिन तब डील की चर्चा होती थी तो बोफोर्स याद आता था... उन्होंने सिर्फ जेब भरने का काम किया। नागरिकों के जीवन में बदलाव लाना उनकी प्राथमिकता नहीं थी।
