Tej Pratap Yadav: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। तेजप्रताप का आरोप है कि उनके निजी सहायक मोतीलाल राय ने सरकारी आवास 42 हार्डिंग रोड से 20 लाख नकद और कई महंगे सामान लेकर फरार हो गए। पटना सचिवालय थाने में दर्ज अपनी शिकायत में तेज प्रताप ने कहा है कि उनके घर में रखी अलमारी से लगभग बीस लाख रुपये नकद, जो मेरी पार्टी फंड की राशि थी, वह चोरी गई है।
दावा-कैश के अलावा ये सामान हुए चोरी
अपनी शिकायत में तेज प्रताप ने कहा है कि कैश के अलावा उनके घर से 2 तोला सोने की चेन, 1 सोने की अंगूठी, सोनी की 4 पेन ड्राइव, 2 हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो लैपटॉप और 4 आईफोन 17 प्रो मैक्स मोबाइल फोन चोरी हो गए।
साल 2022 में भी लगाया था चोरी का आरोप
इससे पहले भी तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी हो चुकी है। साल 2022 में उन्होंने अपने घर में काम करने वाले एक शख्स पर चोरी करने का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। उस समय तेज प्रताप ने आवास की देखरेख करने वाले चंदन नाम के व्यक्ति पर चोरी का आरोप लगाया था। आरोप था कि 27 मई 2022 को चंदन घर के कीमती सामान और कैश लेकर फरार हो गया।
लगातार सुर्खियों में हैं तेज प्रताप यादव
लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव लगातार चर्चा में हैं। उनके खिलाफ पटना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आकाश यादव का आरोप है कि तेजप्रताप यादव और उनके निजी सहायक (पीए) मोतीलाल यादव ने उनके घर में जबरन प्रवेश किया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, तेजप्रताप यादव ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत हैं। दावा है कि उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
आकाश यादव को कानूनी नोटिस भेजा था
मामला गरमाने के बाद तेजप्रताप यादव ने कहा कि उन्होंने पहले ही आकाश यादव को कानूनी नोटिस भेजा था। उनका कहना है कि उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर राजनीतिक और व्यक्तिगत रूप से उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास अपने दावों के समर्थन में पर्याप्त सबूत हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें सार्वजनिक किया जाएगा।
