देश

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का असम में नहीं बदलेगा रूट- हमले के बाद बोली कांग्रेस, अरुणाचल में राहुल का मार्च हुआ प्रवेश

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 20, 2024, 08:01 PM IST

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि असम के लखीमपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई और उसके पोस्टरों को फाड़ा गया, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी तथा प्रदेश की उसकी सरकार जिम्मेदार है।

Image

असम में भारत जोड़ो न्याय पर हमला

Photo : Twitter

Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस समय भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज सुबह असम में थी, शाम को अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश कर गई है। इसके बाद यह फिर से असम में रविवार को प्रवेश करेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा असम में काफी चर्चा में रही है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा शर्मा और राहुल गांधी के बीच जमकर वार पलटवार हुआ है। इसी दौरान कांग्रेस की इस यात्रा पर असम में हमला हो गया। जिसके बाद कांग्रेस, भाजपा पर भड़क गई है। कांग्रेस ने कहा कि वो इस हमले से डरने वाली नहीं है, असम में भारत जोड़ो यात्रा का रूट नहीं बदलेगा।

कांग्रेस का आरोप

कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि असम के लखीमपुर में भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़े वाहनों में तोड़फोड़ की गई और उसके पोस्टरों को फाड़ा गया, जिसके लिए भारतीय जनता पार्टी तथा प्रदेश की उसकी सरकार जिम्मेदार है। मुख्य विपक्षी दल ने घटना से संबंधित कुछ वीडियो जारी करते हुए यह दावा भी किया कि यह हमला भाजपा सरकार के सहयोग से किया गया तथा यह मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और भाजपा की घबराहाट को दिखाता है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस तरह के हमले से कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी डरने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस ने दिए सबूत

कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी वेणुगोपाल ने घटना से संबंधित वीडियो फुटेज साझा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया- "भारत जोड़ो न्याय यात्रा से ‘सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री’ हिमंत विश्व शर्मा कितने डरे हुए हैं, क्या इसका और सबूत चाहिए? देखो उनके गुंडे कांग्रेस के पोस्टर फाड़ रहे हैं और वाहनों को तोड़ रहे हैं! यात्रा के भारी प्रभाव से वह इतना घबरा गए हैं कि वह किसी भी स्तर तक गिर सकते हैं।"

21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी यात्रा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा फिलहाल अरुणाचल प्रदेश में है और रविवार को फिर से असम में दाखिल होगी। यह यात्रा 67 दिनों में 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 15 राज्यों के 110 जिलों से गुजरते हुए 20 या 21 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article