एक्सप्लेनर्स

INDIA गठबंधन से बाहर हो गई TMC? राहुल की यात्रा से पहले ममता बनर्जी का इशारा, समझिए पूरा समीकरण

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 19, 2024, 10:23 PM IST

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि अगर उचित महत्व नहीं दिया गया, तो उनकी पार्टी राज्य की सभी 42 लोकसभा सीट पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है।

Image

पश्चिम बंगाल में टूट के कगार पर इंडिया गठबंधन

Photo : PTI

पश्चिम बंगाल में ऐसा लग रहा है, जैसे इंडिया गठबंधन टूट जाएगा। यहां कांग्रेस और टीएमसी के बीच सीटों को लेकर तनाव बरकरार है। पहले खबर आई थी कि ममता बनर्जी की पार्टी, कांग्रेस को 2 सीटें देने के लिए तैयार है, जिस पर कांग्रेस भड़क गई थी, अब जो नई खबर सामने आ रही है, उसमें कहा जा रहा है कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल की सभी 42 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

ममता की तैयारी

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि अगर उचित महत्व नहीं दिया गया, तो उनकी पार्टी राज्य की सभी 42 लोकसभा सीट पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने पार्टी की मुर्शिदाबाद जिला इकाई की बंद दरवाजे में हुई संगठनात्मक बैठक के दौरान अपना रुख व्यक्त किया।

अधीर रंजन की सीट पर भी अब दावा

मुर्शिदाबाद एक महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक आबादी वाला क्षेत्र है और पारंपरिक रूप से कांग्रेस के गढ़ के रूप में देखा जाता है। बैठक के दौरान उन्होंने जिले की तीनों लोकसभा सीटों पर टीएमसी की जीत की जरूरत पर जोर देते हुए पार्टी नेताओं से चुनावी लड़ाई के लिए तैयार रहने का आग्रह किया। कांग्रेस 2019 के चुनावों में केवल बहरामपुर सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही, जहां से उसके पांच बार के सांसद और प्रदेश पार्टी अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी खड़े थे।

टीएमसी का फॉर्मूला

मिली जानकारी के अनुसार तृणमूल चाहती है कि सीट-बंटवारे का फॉर्मूला 2019 के चुनाव और 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में पार्टियों के प्रदर्शन के आधार पर हो। टीएमसी ने हवाला दिया था कि कांग्रेस को 5 फीसदी से भी कम वोट शेयर मिला। इसलिए कांग्रेस को कम सीटें मिलेंगी।

कांग्रेस भी झुकने के मूड में नहीं

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस भी टीएमसी के सामने झुकने के मूड में नहीं है। टीएमसी पर पहले से ही अधीर रंजन हमला बोलते रहे हैं, अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा भी पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली है। राहुल गांधी की यात्रा 25 जनवरी को कूच बिहार जिले के बक्शिरहाट के माध्यम से पश्चिम बंगाल में प्रवेश करने वाली है, जो 27 जनवरी को बिहार पहुंचने से पहले जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर और दार्जिलिंग से होकर गुजरेगी। यह 30 जनवरी को मालदा के रास्ते पश्चिम बंगाल में फिर से प्रवेश करेगी और 31 जनवरी को बंगाल से पहले कांग्रेस के दोनों गढ़ मुर्शिदाबाद से होते हुए यात्रा करेगी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article