देश

पश्चिम रेलवे में निजी कंपनी को ठेके पर सौंपा गया पूछताछ केंद्रों के संचालन का जिम्मा

Railway News: नयी व्यवस्था की शुरुआत से पहले, कंपनी के कर्मचारियों को रेलवे के पूछताछ केंद्रों के संचालन, यात्री सहायता और संबंधित प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : PTI

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और मानव संसाधनों के अधिक प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से अपने नौ प्रमुख रेलवे स्टेशनों के पूछताछ केंद्रों के संचालन का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंप दिया है। रेलवे के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।अधिकारी के मुताबिक रतलाम मंडल इस व्यवस्था को लागू करने वाला पश्चिम रेलवे का पहला मंडल बन गया है।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इंदौर, रतलाम, उज्जैन, दाहोद, नीमच, चित्तौड़गढ़, देवास, नागदा और डॉ. आंबेडकर नगर (महू) के रेलवे स्टेशनों पर स्थित पूछताछ केंद्रों का संचालन 20 जुलाई से हैदराबाद की मेगा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा चौबीसों घंटे किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ठेके के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निजी कंपनी का चयन कर कार्यादेश भी जारी कर दिया गया है।

यात्री सहायता और संबंधित प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है

कुमार ने बताया कि नयी व्यवस्था की शुरुआत से पहले, कंपनी के कर्मचारियों को रेलवे के पूछताछ केंद्रों के संचालन, यात्री सहायता और संबंधित प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया, 'वर्तमान में रतलाम मंडल के नौ रेलवे स्टेशनों के पूछताछ केंद्रों पर टिकट चेकिंग और टिकट आरक्षण संवर्गों के कुल 37 रेल कर्मचारी कार्यरत हैं।' कुमार ने बताया कि खासकर टिकट चेकिंग संवर्ग में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने के कारण इन कर्मचारियों की आवश्यकता ट्रेनों और टिकट जांच संबंधी कार्यों में महसूस की जा रही थी और इसके मद्देनजर मंडल प्रशासन ने पूछताछ केंद्रों के संचालन का जिम्मा निजी कंपनी को सौंपने का निर्णय लिया।

उन्होंने कहा, 'नयी व्यवस्था लागू होने से टिकट चेकिंग और टिकट आरक्षण संवर्गों के कर्मचारियों को उनकी मूल जिम्मेदारियों से जुड़े कार्यों में लगाया जा सकेगा।' कुमार ने बताया कि फिलहाल यह व्यवस्था एक वर्ष के लिए लागू की जा रही है और इसके परिणामों के आधार पर भविष्य में इसे आगे जारी रखने पर विचार किया जाएगा।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें