देश

बारिश के बाद जम्मू-कश्मीर में हाहाकार, कई जगहों पर आई बाढ़, भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद

कश्मीर को देशभर से जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर रामबन जिले के मेहर, गांगरू, मोम पस्सी और किश्तवाड़ी पाथेर में भूस्खलन की घटनाओं के बाद यातायात बंद कर दिया गया।

Image

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बाढ़

Photo : ANI

Flood in Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। यहां कई इलाकों में बाढ़ आ गई है और जोर-शोर से बचाव अभियान चल रहा है। कई जगहों पर भारी बर्फबारी भी हुई है। खास तौर पर कुपवाड़ा सहित उत्तर कश्मीर के कई इलाकों में बाढ़ से हालात गंभीर हो गए हैं। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में रात को बारिश के बाद भूस्खलन की अनेक घटनाओं के मद्देनजर सोमवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया।

लगातार हो रही बारिश

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किश्तवाड़ के बाशा-सिंबूल गांव में भूस्खलन से दो मकान ढह गए, वहीं रामबन और सांबा जिलों में रात में बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में बड़ी संख्या में मवेशी मारे गए। जम्मू कश्मीर के विभिन्न हिस्सों में सोमवार को दूसरे दिन भी बारिश हो रही है। पुलिसकर्मी और बचाव दल लगातार राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।

भूस्खलन से यातायात बंद

कश्मीर को देशभर से जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर रामबन जिले के मेहर, गांगरू, मोम पस्सी और किश्तवाड़ी पाथेर में भूस्खलन की घटनाओं के बाद यातायात बंद कर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि बारिश जारी होने की वजह से मरम्मत का काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि जब तक राजमार्ग से मलबा साफ नहीं हो जाता, तब तक यहां से गुजरने से बचें।

किश्तवाड़ में स्कूल बंद

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के पुंछ और राजौरी जिलों को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड भी पीर की गली और आसपास के क्षेत्रों में हिमपात की वजह से तीसरे दिन भी बंद रहा। लगातार बारिश के बीच किश्तवाड़ में अधिकारियों ने जिले के विद्यालयों को बंद करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को हुंजाला में नायगड़ जल आपूर्ति योजना के 250 मिलीमीटर के मुख्य पाइप के क्षतिग्रस्त होने के बाद किश्तवाड़ शहर में जल आपूर्ति रुक गई थी जिसे बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article