राम मंदिर चंदा चोरी के मामले में एसआईटी की जांच में नित नए खुलासे हो रहे हैं। इस बीच, मामले के आरोपियों में शामिल अविनाश शुक्ला ने पूछताछ के दौरान कुछ ऐसा स्वीकार किया है जो चौंकाने वाला है। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि दान की गबन की रकम में से लगभग 19 लाख रुपये अपने मित्रों और परिजनों पर खर्च किए।
भाई की शादी पर खर्चे छह लाख और....
सूत्रों ने बताया कि आरोपी अविनाश शुक्ला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपने एक भाई के विवाह समारोह पर लगभग छह लाख रुपये खर्च किए,जबकि दूसरे भाई को पांच लाख रुपये दिए।
साढ़े तीन लाख में खरीदी कार
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि उसने लगभग 3.5 लाख रुपये की एक कार खरीदी थी,जिसे बरामद कर लिया गया है।
दोस्त पर भी लुटाई चंदे की रकम
इतना ही नहीं सूत्रों ने तो यहां तक दावा किया है कि अविनाश ने अपने एक दोस्त के खाते में लगभग 2.5 लाख रुपये भी ट्रांसफर किए थे साथ ही उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चंदा चोरी विवाद: ट्रस्ट ने मंजूर किया चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा; अब कृष्ण मोहन संभालेंगे उनका काम
अविनाश शुक्ला के भाई भी जांच के दायरे में
वहीं, जांच में यह भी सामने आया कि उसने कई अन्य लोगों को भी छोटी-छोटी रकम वितरित की थी। पुलिस ने अविनाश के दो भाइयों से पूछताछ की है और जांच से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, उसके भाई अभिषेक शुक्ला के नाम वर्ष 2024 में खरीदी गई भूमि की जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है, जिनमें कथित तौर पर धनराशि हस्तांतरित की गई थी।
कब्जे से ये चीजें हुई बरामद
विभिन्न लोगों को हस्तांतरित की गई राशि की वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। अविनाश शुक्ला के कब्जे से 20.39 लाख रुपये नकद,1,121 अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण, चांदी के आभूषण, अन्य कीमती सामान तथा एक कार भी बरामद की गई है।
