देश

राम मंदिर चंदा घोटाला: केसी वेणुगोपाल ने PM मोदी को लिखा पत्र, 'सुप्रीम कोर्ट करे जांच', मचा सियासी बवाल

कांग्रेस सांसद और पब्लिक अकाउंट्स कमेटी (PAC) के चेयरमैन केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राम मंदिर चंदा गबन के कथित मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की।

Image

केसी वेणुगोपाल ने PM मोदी को लिखा पत्र (फाइल फोटो)

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में किसी उच्च स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए।वेणुगोपाल ने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण से करोड़ों भारतीय नागरिकों की आस्था के साथ विश्वासघात हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रारंभिक जांच में किसी 'संगठित गिरोह' के सक्रिय होने और हर स्तर पर 'संस्थागत विफलताओं' के संकेत मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि यह कथित लूट संस्थागत संरक्षण के बिना संभव नहीं थी।

कई महीनों की सीसीटीवी फुटेज नष्ट कर दी गई

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि नकदी गिनने वाले कर्मचारियों ने नियमित निगरानी व्यवस्था को दरकिनार कर नकदी और बहुमूल्य आभूषणों की चोरी की, जबकि इस कथित आपराधिक षड्यंत्र के सबूत मिटाने के लिए कई महीनों की सीसीटीवी फुटेज नष्ट कर दी गई।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गबन और चोरी की शिकायतों को या तो नजरअंदाज किया गया या फिर दबा दिया गया।

'एसआईटी और उसके बाद दर्ज प्राथमिकी 'महज दिखावा'

वेणुगोपाल ने पत्र में कहा, 'ट्रस्ट के पूर्व मुख्य लेखा अधिकारी द्वारा कथित अनियमितताओं को लेकर दी गई चेतावनियों और भारतीय स्टेट बैंक की ओर से कथित तौर पर उठाए गए सवालों की भी अनदेखी की गई।'कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) और उसके बाद दर्ज प्राथमिकी 'महज दिखावा' है।

उनका कहना था कि अब तक केवल निचले स्तर के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, जबकि कथित तौर पर इस पूरे मामले को संरक्षण देने वाले लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। वेणुगोपाल ने पत्र में कहा, 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट वर्ष 2020 में केंद्र सरकार द्वारा गठित एक सार्वजनिक ट्रस्ट है और इसलिए इससे पारदर्शिता एवं जवाबदेही के सर्वोच्च मानकों का पालन किए जाने की अपेक्षा की जानी चाहिए।'

'आप इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें'

उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप हिंदू आस्था और भगवान राम के नाम पर स्थापित संस्था की पवित्रता के साथ बड़ा विश्वासघात हैं। कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया, 'आप इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और उच्चतम न्यायालय की कड़ी निगरानी में किसी उच्च स्तरीय स्वतंत्र एजेंसी से स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article