देश

भारत-US ट्रेड डील को राजनाथ सिंह ने बताया 'ऐतिहासिक क्षण', बोले-इससे आर्थिक सहयोग का खुलेगा नया चैप्टर

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगे पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया। साथ ही ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों ट्रेड डील पर सहमत हो चुके हैं। इससे पहले फोन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत हुई।

Image

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह।

Photo : PTI

Rajnath Singh: भारत पर लगाए गए टैरिफ में कटौती करने के अमेरिकी सरकार के फैसले का रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्वागत किया है। इस ट्रेड डील की सराहना करते हुए राजनाथ ने मंगलवार को कहा टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत किया जाना एक 'ऐतिहासिक क्षण' है और यह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगे पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया। साथ ही ट्रंप ने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों ट्रेड डील पर सहमत हो चुके हैं। इससे पहले फोन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत हुई।

जवाबी शुल्क घटकर हुआ 18 प्रतिशत

ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाला जवाबी शुल्क मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उन्हें यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ’मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर शुल्क घटकर 18 फीसदी रह जाएगा। मोदी ने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब ’मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर शुल्क घटकर 18 फीसदी रह जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद।’

ट्रंप के शांति प्रयासों का भारत का समर्थन-पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं, तो इससे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। मोदी ने कहा, 'वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है।' प्रधानमंत्री ने कहा, 'मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।’

500 अरब डॉलर से अधिक का सामान खरीदेगा

ट्रंप ने कहा कि भारत अमेरिका के खिलाफ लगाए गए 'शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं' को शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि नई दिल्ली अमेरिका से ऊर्जा सहित 500 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक का सामान खरीदेगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, "प्रधानमंत्री मोदी से मित्रता व उनके प्रति सम्मान के मद्देनजर तथा उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत अमेरिका जवाबी शुल्क 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।" उन्होंने कहा कि भारत भी इसी तरह अमेरिका के खिलाफ अपनी शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ेगा।

अमेरिका में हैं विदेश मंत्री जयशंकर

ट्रंप और मोदी के बीच पिछली बार अक्टूबर 2025 में फोन पर बातचीत हुई थी। दोनों नेताओं ने पिछले वर्ष फरवरी में हुई एक बैठक में शरद ऋतु तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने पर सहमति जताई थी। हालांकि दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन ट्रंप द्वारा भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने के बाद व्यापार समझौते पर प्रगति रुक गई थी। इनमें रूस से कच्चा तेल खरीदने के लिए दंड के तौर पर लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क भी शामिल है। मोदी-ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत ऐसे दिन हुई, जब विदेश मंत्री एस. जयशंकर वाशिंगटन डीसी के दौरे पर पहुंचे हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article