देश

छह घंटे में बीजेपी की तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस, विपक्ष के प्रदर्शन के बीच संबित से सुधांशु और प्रदीप तक ने संभाला मोर्चा

सुबह बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद दोपहर में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष के प्रदर्शन पर सवाल उठाए। बाद में बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों को निशाना बनाया।

Image

छह घंटे में बीजेपी की तीन प्रेस कॉन्फ्रेंस।

चुनाव आयोग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर मंगलवार को दिल्ली में सियासी टकराव तेज रहा। एक ओर राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के नेता चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतरे और आयोग के कार्यालय तक मार्च किया, वहीं दूसरी ओर बीजेपी ने भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के लिए मोर्चा संभाल लिया। बीजेपी ने करीब छह घंटे के भीतर तीन अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी और कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया।

सुबह बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसके बाद दोपहर में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष के प्रदर्शन पर सवाल उठाए। बाद में बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और राहुल गांधी के आरोपों को निशाना बनाया।

संबित पात्रा ने Form 6 के मुद्दे पर राहुल को घेरा

बीजेपी की ओर से सबसे पहले संबित पात्रा सामने आए। उन्होंने राहुल गांधी के Form 6 को लेकर लगाए गए आरोपों पर सवाल उठाया। राहुल गांधी ने दावा किया था कि चुनाव आयोग ने Form 6 में अवैध और एकतरफा बदलाव किया है। पात्रा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने Form 6 को अवैध घोषित नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं और इससे लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। पात्रा ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ माहौल बनाने का भी आरोप लगाया।

बीजेपी नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए अलग-अलग मुद्दों को उठा रहे हैं। उन्होंने विपक्ष पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया।

सुधांशु त्रिवेदी का राहुल गांधी पर सीधा हमला

दोपहर में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने INDIA गठबंधन के चुनाव आयोग तक मार्च को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है और SIR को लेकर उसका रुख स्पष्ट नहीं है। त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस पहले मतदाता सूची में फर्जी, मृत और डुप्लीकेट नाम होने की बात करती रही है। अब जब मतदाता सूची की जांच और सुधार की प्रक्रिया चल रही है तो वही पार्टी SIR का विरोध कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर ऐसे नामों की जांच नहीं होगी तो इससे किसे फायदा होगा।

उन्होंने राहुल गांधी पर राजनीतिक मेहनत को लेकर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि चुनावी हार के लिए पार्टी अपनी कमियों की जगह ‘वोट चोरी’ जैसे आरोपों को सामने ला रही है। त्रिवेदी ने कांग्रेस पर परिवार-केंद्रित राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

आकाशवाणी भवन में राहुल के पहुंचने पर भी बीजेपी का हमला

विपक्ष के मार्च के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए। बीजेपी ने इस घटनाक्रम को भी मुद्दा बनाया। सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र की बात करते हुए आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हुई।

न्यूज ऑन AIR की रिपोर्ट के अनुसार, त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर SIR को लेकर जनता को गुमराह करने और बिना आधार के आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने पहले मतदाता सूची में डुप्लीकेट नाम होने की बात कही थी, लेकिन अब SIR की प्रक्रिया का विरोध किया जा रहा है।

प्रदीप भंडारी ने भी संभाला मोर्चा

बीजेपी की ओर से तीसरी प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रदीप भंडारी ने की। उन्होंने सवाल उठाया कि जब SIR और Form 6 से जुड़ा मामला अदालत के सामने है तो कांग्रेस और विपक्ष सड़क पर प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं। भंडारी ने पूछा कि क्या कांग्रेस को सुप्रीम कोर्ट पर भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का मार्च एक संवैधानिक संस्था पर दबाव बनाने की कोशिश है। उन्होंने SIR का विरोध करने को लेकर भी कांग्रेस पर सवाल उठाए और मतदाता सूची में मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम होने का मुद्दा उठाया। भंडारी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचनाएं फैलाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।

सड़कों पर विपक्ष, मीडिया के जरिए बीजेपी का जवाब

मंगलवार को दिल्ली में दोनों पक्षों का राजनीतिक अभियान आमने-सामने दिखाई दिया। विपक्षी सांसद चुनाव आयोग कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। दूसरी ओर बीजेपी के नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं के आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचने के बाद घटनाक्रम और तेज हो गया। कई विपक्षी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। राहुल गांधी ने चुनाव आयुक्तों से मुलाकात की मांग की और कहा कि विपक्षी सांसदों को अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!