Rahul Gandhi Talks To Stalin And Vijay: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने करूर भगदड़ के बारे में जानकारी लेने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से फोन पर बात की। इसके अलावा राहुल ने टीवीके पार्टी अध्यक्ष विजय को भी फोन करके घटना में समर्थकों की मौत पर अपनी संवेदना जताई, पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। स्टालिन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उनहोंने राहुल गांधी के फोन का जवाब दिया। स्टालिन ने कहा, मेरे प्यारे भाई राहुल गांधी, फोन पर मुझसे संपर्क करने, करूर की दुखद घटना पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करने और इलाज करा रहे लोगों की कीमती जान बचाने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में ईमानदारी से पूछताछ करने के लिए धन्यवाद।
मरने वालों का आंकड़ा 40 पहुंचा
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि राहुल ने करूर भगदड़ के बारे में जानकारी लेने के लिए मुख्यमंत्री को फोन किया। एक पार्टी सूत्र ने कहा, राहुल ने टीवीके अध्यक्ष विजय को भी फोन करके उनके समर्थकों की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की। पश्चिमी तमिलनाडु के करूर में 27 सितंबर को अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व में एक राजनीतिक रैली में हुई भगदड़ में मरने वालों की संख्या रविवार को 40 हो गई। अधिकारियों ने बताया कि 60 से अधिक लोगों का उपचार किया जा रहा है और कम से कम दो की हालत गंभीर है।
विजय ने किया 20-20 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान
मृतकों की संख्या बढ़ने पर विजय के नेतृत्व वाले तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै पीठ में याचिका दायर कर भगदड़ की सीबीआई या स्वतंत्र जांच की मांग की। इस मामले में लोगों की आलोचना झेल रहे विजय ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ितों के परिवारों को 20-20 लाख रुपये का मुआवजा देने की भी घोषणा की। करूर पुलिस ने टीवीके पदाधिकारियों के खिलाफ लापरवाही सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, जबकि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच शुरू कर दी और सीवर जैसे स्थानों को ढक दिया जहां कथित तौर पर कुछ शव मिले थे। करूर में व्यापारियों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों ने मृतकों के सम्मान में अपनी दुकानें बंद कर रखीं।
पीएम मोदी ने भी की मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि राज्य सरकार ने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने मृतकों के परिवारों को एक करोड़ रुपये और भाजपा ने मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
