Rahul Gandhi E20 Viral Video: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आज एक वीडियो के माध्यम से केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने देशभर में इस्तेमाल हो रहे ई20 पॉलिसी (20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित ईंधन) को लेकर नरेंद्र मोदी सरकार से तीखे सवाल पूछे। उन्होंने अपने इस वीडियो को सोशल मीडिया के एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया।
सोशल मीडिया पर सामने आए लगभग 53 सेकंड के इस वीडियो में राहुल गांधी बारिश के दौरान अपनी कार के पास खड़े नजर आ रहे हैं। इस दौरान वे कार के ईंधन टैंक का ढक्कन खोलते हैं और उस पर लगे 'E20 Policy' (Rahul Gandhi E20 Policy Video) के स्टीकर को कैमरे की ओर दिखाते हुए इस पर सवाल उठाते हैं।
वीडियो में राहुल गांधी का दिखा काफी आक्रामक अंदाज
वीडियो में राहुल गांधी काफी आक्रामक अंदाज में हाथ के इशारों से बात करते हुए कहते हैं कि E20 पेट्रोल के कारण लोगों की गाड़ियां खराब हो रही हैं और जनता का गाढ़ी कमाई का पैसा बर्बाद हो रहा है। मामले की गंभीरता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, 'E20 को लेकर दाल में कुछ काला नहीं है, बल्कि पूरी की पूरी दाल ही काली है।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'यह हमारा आंतरिक मामला, बाहरी नसीहत मंजूर नहीं', FCRA बिल पर अमेरिका को भारत का दो टूक जवाब
वाहन मालिकों में E20 ईंधन पॉलिसी को लेकर चिंता
राहुल गांधी इस विषय को लेकर बेहद गंभीर दिखाई दिए और आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ एक बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय अभियान चला सकती है। बारिश के बीच रिकॉर्ड किए गए इस छोटे से वीडियो ने अब ऑटोमोबाइल सेक्टर से लेकर राजनीतिक गलियारों तक नई बहस छेड़ दी है।
उल्लेखनीय है कि देश में एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल के इस्तेमाल को लेकर वाहन मालिकों के बीच लंबे समय से चिंताएं जताई जा रही हैं। कई वाहन चालकों का मानना है कि E20 ईंधन से पुरानी गाड़ियों के इंजन और माइलेज पर विपरीत असर पड़ता है। राहुल गांधी के इस वायरल वीडियो के बाद यह माना जा रहा है कि कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच एक बड़ा चुनावी और जनहित का मुद्दा बनाने की तैयारी कर सकती है।
