देश

'हर कोने में अपनों को खोने की दर्द भरी दास्तां', राहुल गांधी ने पुंछ में PAK गोलीबारी के पीड़ितों से की मुलाकात

Rahul Gandhi in Poonch: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा सीमा पार से की गई गोलाबारी के पीड़ितों से शनिवार को मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात का एक वीडियो जारी किया और कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा हूं।

Image

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

Rahul Gandhi in Poonch: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा सीमा पार से की गई गोलाबारी के पीड़ितों से शनिवार को मुलाकात की। राहुल गांधी ने प्रभावित लोगों के साथ एक घंटे से अधिक समय तक बातचीत की। इनमें सात मई से 10 मई के बीच हुई गोलाबारी में अपने सदस्यों को खोने वाले परिवार भी शामिल थे।

राहुल गांधी ने क्या कुछ कहा?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पीड़ित परिवार के साथ मुलाकात का वीडियो जारी किया और कहा, ''पुंछ में पाकिस्तान की गोलाबारी में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से आज मिला। टूटे मकान, बिखरा सामान, नम आंखें और हर कोने में अपनों को खोने की दर्द भरी दास्तान - ये देशभक्त परिवार हर बार जंग का सबसे बड़ा बोझ साहस और गरिमा के साथ उठाते हैं। उनके हौसले को सलाम है।''

उन्होंने आगे कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा हूं - उनकी मांगें और मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर जरूर उठाऊंगा। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा और एआईसीसी महासचिव जी ए मीर मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने नुकसान का लिया जायजा

कांग्रेस ने एक्स पर बताया कि राहुल गांधी ने पुंछ में पाकिस्तान की ओर से हुए कायराना हमले में 'गीता भवन मंदिर' और 'सिंह सभा गुरुद्वारा' को हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।

Rahul Gandhi in Poonch Gurudwara

राहुल गांधी ने पाकिस्तानी गोलीबारी में गुरुद्वारे को हुए नुकसान का जायजा लिया (फोटो साभार: @INCIndia)

राहुल गांधी का दूसरा J&K दौरा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद केंद्र शासित प्रदेश का यह दूसरा दौरा है। उस आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत हुई थी जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे। राहुल गांधी ने आतंकवादी हमले में घायल हुए लोगों से मिलने के लिए 25 अप्रैल को श्रीनगर का दौरा किया था। उन्होंने उस दौरान जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और कई अन्य लोगों से मुलाकात की थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article