देश

'बिखरे आंदोलन दबाए जाते हैं, जुड़े आंदोलन सरकारें झुका देते हैं', 'सत्याग्रह' पोर्टल लॉन्च कर बोले राहुल गांधी

Rahul Gandhi Launches Satyagraha: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश भर में हो रहे विभिन्न आंदोलनों को एक मंच पर लाने के लिए 'सत्याग्रह' डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अगले दिन शुरू किए गए इस पोर्टल का मकसद किसानों, छात्रों, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों के संघर्षों को जोड़ना है।

Image

विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश की जनता से की ये खास अपील (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Rahul Gandhi Launches Satyagraha: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश में हो रहे अलग-अलग जन आंदोलनों को एकजुट करने के लिए एक नई पहल की है। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के ठीक अगले दिन शनिवार को उन्होंने 'सत्याग्रह' (Satyagraha) नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इसका मुख्य उद्देश्य देश के किसी भी कोने में अन्याय के खिलाफ लड़ रहे लोगों की आवाज को एक साथ लाना है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' और अपने वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने कहा कि आज देश भर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अलग-अलग स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन जब कोई अकेला लड़ता है तो उसकी आवाज को दबाना आसान हो जाता है। इसी बिखरी हुई आवाजों को एक नक्शे पर लाने के लिए 'सत्याग्रह' पोर्टल शुरू किया गया है।

राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि बापू ने सिखाया था कि सत्य हमारा सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी भी अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं, तो 'सत्याग्रह' वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भरें और आंदोलन को दर्ज कराएं। रायबरेली के सांसद ने वादा किया कि विपक्ष के नेता के तौर पर वे संसद से लेकर सड़क तक और पत्रों के माध्यम से हर उस जगह जनता के साथ खड़े होंगे जहाँ जरूरत होगी।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव जयराम रमेश ने इस पहल का समर्थन करते हुए सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शनों को पुलिस के दम पर दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। जयराम रमेश ने कहा कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म उन सभी आवाजों को एक मंच प्रदान करेगा जो इस सरकार के खिलाफ उठ रही हैं, क्योंकि एकता ही सबसे बड़ी ताकत है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article