देश

हर कीमत चुकाने को तैयार- सदस्यता जाने के बाद पहली बार बोले राहुल गांधी, BJP के खिलाफ कांग्रेस आक्रमक

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 24, 2023, 06:30 PM IST

राहुल गांधी की जेल की सजा और सदस्यता छिनने के बाद अब विपक्ष उनके नाम पर एकजुट होता दिख रहा है। जो अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी कांग्रेस के खिलाफ बोल रहे थे, राहुल के नेतृत्व को स्वीकार नहीं रहे थे, वो अब इस मामले पर कांग्रेस के साथ आते दिख रहे हैं।

Image

लोकसभा की सदस्यता जाने के बाद क्या बोले राहुल गांधी

Photo : Twitter

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने लोकसभा की सदस्यता रद्द होने पर पहली बार प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि वो हर कीमत चुकाने को तैयार हैं। वहीं कांग्रेस भी इस मामले पर बीजेपी के खिलाफ आक्रमक हो गई है।

क्या बोले राहुल गांधी

शुक्रवार सुबह ही राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता रद्द किए जाने का आदेश सामने आ गया था। इसके बाद से कांग्रेस और उसके नेता लगातार बीजेपी और मोदी सरकार को घेर रहे थे, लेकिन राहुल चुप ही थे। हालांकि शाम होते-होते उन्होंने चुप्पी तोड़ी और ट्वीट करके इशारों ही इशारों में बीजेपी पर हल्ला बोल दिया। राहुल गांधी ने कहा- "मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।"

कांग्रेस अक्रमक

राहुल गांधी की सदस्यता जाने के बाद से कांग्रेस मोदी सरकार पर हमला करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। प्रेस कांफ्रेस से लेकर सोशल मीडिया तक कांग्रेस हर जगह मोदी सरकार और बीजेपी को घेर रही है। कांग्रेस ने सदस्यता जाने के बाद ट्वीट कर कहा- "राहुल गांधी जी की लोकसभा सदस्यता खत्म कर दी गई। वह आपके और इस देश के लिए लगातार सड़क से संसद तक लड़ रहे हैं, लोकतंत्र को बचाने की हर सम्भव कोशिश कर रहे हैं। हर षड्यंत्र के बावजूद वह यह लड़ाई हर क़ीमत पर जारी रखेंगे और इस मामले में न्यायसंगत कार्यवाही करेंगे। लड़ाई जारी है।"

प्रियंका ने भी घेरा

राहुल की सदस्यता जाने पर प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट करके बीजेपी पर हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने ट्वीट करके कहा- "नरेंद्र मोदी जी आपके चमचों ने एक शहीद प्रधानमंत्री के बेटे को देशद्रोही, मीर जाफर कहा। आपके एक मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी का पिता कौन है? कश्मीरी पंडितों के रिवाज निभाते हुए एक बेटा पिता की मृत्यु के बाद पगड़ी पहनता है, अपने परिवार की परंपरा क़ायम रखता है। भरी संसद में आपने पूरे परिवार और कश्मीरी पंडित समाज का अपमान करते हुए पूछा कि वह नेहरू नाम क्यों नहीं रखते…. लेकिन आपको किसी जज ने दो साल की सज़ा नहीं दी। आपको संसद से डिस्क्वालिफाई नहीं किया। नीरव मोदी और मेहूल चौकसी पे सवाल उठाया…। क्या आपका मित्र गौतम अडानी देश की संसद और भारत की महान जनता से बड़ा हो गया है कि उसकी लूट पर सवाल उठा तो आप बौखला गए? आप मेरे परिवार को परिवारवादी कहते हैं, जान लीजिए, इस परिवार ने भारत के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा। राहुल जी ने एक सच्चे देशभक्त की तरह अडानी की लूट पर सवाल उठाया। जिसे आप खत्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की आवाज़ बुलंद की और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी। हमारी रगों में जो खून दौड़ता है उसकी एक ख़ासियत है… आप जैसे कायर, सत्तालोभी तानाशाह के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए।"

विपक्ष एकजुट

राहुल गांधी के मामले पर विपक्ष एकजुट होता दिख रहा है। कांग्रेस के पुराने सहयोगियों ने इस मामले पर बीजेपी को घेरा ही है, साथ ही उन पार्टियों से भी राहुल के सपोर्ट में आवाज उठी है, जो हाल के दिनों में कांग्रेस के खिलाफ जा चुके थे या जाने की तैयारी रह रहे थे। ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, केसीआर से लेकर अखिलेश यादव तक राहुल गांधी के साथ खड़े दिख रहे हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!