देश

राजनीति में कौन था सोनिया गांधी का सबसे बड़ा सहारा, बिना बोले कौन समझ जाता था कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष की परेशानी

Belonging: A Journey of Love: सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया कि पार्टी के भीतर असंतुष्ट नेताओं से बातचीत करना, उनकी शिकायतें सुनना और विवादों का समाधान निकालना किसकी अहम जिम्मेदारियों में शामिल था। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कौन नेता बिना बोले उनकी परेशानी समझ जाता था।

Image

सोनिया गांधी (फोटो साभार- @SoniaGandhi)

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में उन नेताओं को याद किया है, जिन्होंने पार्टी में उनके शुरुआती राजनीतिक सफर के दौरान महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। किताब में सोनिया ने कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के साथ अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया है कि किस नेता की किस मामले में खास पकड़ थी, कौन संसद में उनकी मदद करता था और किन लोगों से वह पार्टी के राजनीतिक फैसलों पर सलाह लेती थीं। इस सिलसिले में उन्होंने अर्जुन सिंह, प्रणब मुखर्जी, माधवराव सिंधिया, अहमद पटेल, शीला दीक्षित और ए.के. एंटनी समेत कई नेताओं का जिक्र किया है।

अर्जुन सिंह की सलाह को मानती थीं अहम

सोनिया गांधी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह को कांग्रेस के सबसे अनुभवी नेताओं में गिना है। उनके मुताबिक, अर्जुन सिंह की खासियत थी कि वह किसी भी गंभीर मुद्दे पर सभी की राय सुनने के बाद बहुत संक्षेप में अपनी बात रखते थे। उनकी एक टिप्पणी ही चर्चा के पूरे विषय का सार सामने रख देती थी। सोनिया ने उन्हें बेहद समझदार और राजनीतिक अनुभव से भरपूर नेता बताया है।

संसद में प्रिय रंजन दासमुंशी निभाते थे मददगार की भूमिका

पश्चिम बंगाल के कांग्रेस नेता प्रिय रंजन दासमुंशी को सोनिया ने संसद में अपना मजबूत सहयोगी बताया है। उन्होंने लिखा कि संसदीय नियमों और प्रक्रियाओं पर उनकी अच्छी पकड़ थी। जब भी सोनिया को सदन में किसी मुद्दे पर जवाब देना होता, वह जरूरी तथ्य और आंकड़े पर्ची पर लिखकर उन्हें पहुंचा देते थे। वह पार्टी सांसदों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ तनावपूर्ण परिस्थितियों में विपक्षी नेताओं से बातचीत कर माहौल सामान्य करने की कोशिश भी करते थे।

माधवराव सिंधिया समझ जाते थे सोनिया की परेशानी

सोनिया गांधी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया को भी याद किया है। उन्होंने बताया कि संसद में जब कभी वह असहज या अनिश्चित महसूस करती थीं, तो सिंधिया बिना कहे उनकी परेशानी समझ जाते थे और मदद के लिए आगे आते थे। सोनिया ने प्रिय रंजन दासमुंशी और माधवराव सिंधिया के कम उम्र में निधन को अपने लिए बड़ी क्षति बताया है।

प्रणब मुखर्जी की याददाश्त और ज्ञान की कायल थीं सोनिया

पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बारे में सोनिया ने लिखा कि कांग्रेस के इतिहास से लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति और दर्शन तक, हर विषय पर उनकी गहरी जानकारी थी। पार्टी के अतीत से जुड़ा कोई भी सवाल हो, प्रणब मुखर्जी के पास उसका जवाब मौजूद रहता था। हालांकि, उनका गुस्सा भी चर्चा का विषय रहता था। सोनिया ने प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा का भी उल्लेख किया है। उनके मुताबिक, 1984 में राजीव गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने के बाद प्रणब मुखर्जी को लगा कि पार्टी में उनकी अनदेखी हुई है। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़कर अपनी अलग पार्टी बनाई, लेकिन 1989 में वापस लौट आए। सोनिया के अनुसार, सरकार में कई अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालने के बावजूद प्रधानमंत्री बनने की उनकी महत्वाकांक्षा बनी रही। उन्हें लगता था कि वरिष्ठता और अनुभव के आधार पर वह इस पद के स्वाभाविक दावेदार हैं।

अहमद पटेल पर सबसे ज्यादा भरोसा

अहमद पटेल को याद करते हुए सोनिया गांधी ने बताया कि उन्होंने उन्हें अपना राजनीतिक सचिव बनाया था। पार्टी के भीतर असंतुष्ट नेताओं से बातचीत करना, उनकी शिकायतें सुनना और विवादों का समाधान निकालना उनकी अहम जिम्मेदारियों में शामिल था। वह कांग्रेस और सहयोगी दलों के बीच तालमेल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। सोनिया ने लिखा कि अहमद पटेल का राजनीतिक संपर्क और प्रभाव काफी व्यापक था। वह सार्वजनिक रूप से कम दिखाई देते थे, लेकिन संगठन और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी भूमिका बेहद अहम थी। कोविड महामारी के दौरान उनके निधन ने पार्टी में ऐसी कमी पैदा की, जिसकी भरपाई आसान नहीं थी। सोनिया ने माना कि व्यक्तिगत तौर पर भी उन्हें अहमद पटेल की कमी हमेशा महसूस हुई।

शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस की कमान सौंपने का फैसला पड़ा सही

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के साथ अपने संबंधों पर सोनिया ने खास तौर पर लिखा है। दोनों के बीच संगीत, कला और हथकरघा जैसे विषयों पर समान रुचि थी। सोनिया उनसे कांग्रेस की स्थिति और दूसरे संवेदनशील राजनीतिक मामलों पर भी बातचीत करती थीं। सोनिया के मुताबिक, 1998 में जब दिल्ली कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम पर विचार हो रहा था, तब उन्होंने शीला दीक्षित को इस जिम्मेदारी के लिए सही माना। आगे चलकर यह फैसला सफल साबित हुआ और शीला दीक्षित लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं। हालांकि, सोनिया ने यह भी स्वीकार किया कि कई बार शीला दीक्षित द्वारा कमजोर उम्मीदवारों को बदलने से इनकार करने पर उन्हें नाराजगी होती थी। इसके बावजूद वह उन्हें पार्टी के प्रति पूरी तरह समर्पित नेता मानती थीं। शीला दीक्षित के निधन को याद करते हुए सोनिया ने लिखा कि वह आज भी उन्हें याद करती हैं और उनकी कमी महसूस करती हैं।

ए.के. एंटनी की सादगी और पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता का जिक्र

केरल के वरिष्ठ कांग्रेस नेता ए.के. एंटनी को सोनिया ने अपना समझदार सलाहकार बताया है। उनके मुताबिक, एंटनी बेहद सादगीपूर्ण जीवन जीने वाले गांधीवादी थे और हर राजनीतिक चर्चा में पार्टी के हित को प्राथमिकता देते थे। सोनिया ने उनके पहनावे का भी जिक्र किया है। दिल्ली की ठंड में भी वह साधारण स्वेटर या सफेद शॉल में नजर आते थे।

अंबिका सोनी से मिलती थी संगठन की जानकारी

सोनिया गांधी ने अंबिका सोनी को उन नेताओं में शामिल बताया है, जिनसे उन्हें संगठन को समझने में काफी मदद मिली। अंबिका सोनी यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष रह चुकी थीं और संजय गांधी के साथ काम कर चुकी थीं। 1978 में इंदिरा गांधी की नाराजगी के बाद उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था, लेकिन 1986 में उन्होंने कांग्रेस में वापसी की। सोनिया ने बताया कि महासचिव रहते हुए अंबिका सोनी कई बार उनके साथ राज्यों के दौरे पर जाती थीं। उन्हें पार्टी के नेताओं, उनके कामकाज और राजनीतिक समीकरणों की अच्छी जानकारी थी। उनके अनुभव का फायदा सोनिया को शुरुआती दिनों में मिला।

ऑस्कर फर्नांडिस और मोहसिना किदवई को भी किया याद

सोनिया गांधी ने ऑस्कर फर्नांडिस को कांग्रेस का भरोसेमंद नेता बताते हुए कहा कि वह पार्टी कार्यालय में हमेशा नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रहते थे। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और इसी वजह से देशभर के कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रिय थे। वहीं, मोहसिना किदवई को उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति की गहरी समझ रखने वाली अनुभवी कांग्रेस नेता बताया है।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article