देश

दिल्ली में प्रदूषण के बीच चीन की हेल्थ गाइड चर्चा में, 5 पोस्ट में बताए क्या खाएं और कैसे करें एक्सरसाइज

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण हर साल सर्दियों के मौसम में बड़ी चुनौती बन जाता है। दिवाली के आसपास पटाखों के इस्तेमाल के बाद राजधानी की हवा की गुणवत्ता और बिगड़ जाती है।

Image

दिल्ली में वायु प्रदूषण

दिल्ली-एनसीआर में दिवाली के आसपास बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच भारत में चीन की ओर से सोशल मीडिया पर पांच पोस्ट की एक खास सीरीज साझा की गई है। चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने Haze-Day Wellness Guide के जरिए बताया है कि प्रदूषण वाले दिनों में खानपान कैसा होना चाहिए, कौन-सी एक्सरसाइज करनी चाहिए, कितनी नींद जरूरी है और घर के अंदर हवा को साफ रखने के लिए क्या उपाय अपनाए जा सकते हैं। वहीं, चीन के दूतावास ने दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए गुआंग्शी प्रांत के रिवर लैंटर्न सॉन्ग फेस्टिवल की खूबसूरत तस्वीरें भी साझा की हैं।

दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण हर साल सर्दियों के मौसम में बड़ी चुनौती बन जाता है। दिवाली के आसपास पटाखों के इस्तेमाल के बाद राजधानी की हवा की गुणवत्ता और बिगड़ जाती है। इस बीच भारत में चीन की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रदूषण से बचाव को लेकर एक खास पहल की गई है। भारत में चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने अपने आधिकारिक X हैंडल से पांच अलग-अलग पोस्ट साझा की हैं। इन पोस्ट में उन्होंने चीन की पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों से जुड़े सुझावों के जरिए बताया है कि प्रदूषण और धुंध वाले दिनों में अपनी सेहत का ध्यान कैसे रखा जा सकता है।

चीन ने इस सीरीज को 'Haze-Day Wellness Guide' नाम दिया है। इसके तहत पांच विषयों पर सुझाव दिए गए हैं। इनमें संतुलित खानपान, हल्का व्यायाम, अच्छी नींद, घर की साफ-सफाई और बाहर निकलते समय प्रदूषण से बचाव के उपाय शामिल हैं।

China Health Tips on Delhi Air Pollution

China Health Tips on Delhi Air Pollution

1. प्रदूषण के दिनों में क्या खाएं? फल-सब्जियां और प्रोटीन लेने की सलाह

चीन की पहली पोस्ट में खानपान पर जोर दिया गया है। इसमें सलाह दी गई है कि प्रदूषण वाले दिनों में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए विटामिन से भरपूर फल और सब्जियां खानी चाहिए। इसके साथ पर्याप्त मात्रा में अच्छा प्रोटीन और संतुलित आहार लेने की बात कही गई है।पोस्ट में पारंपरिक चीनी स्वास्थ्य पद्धतियों का हवाला देते हुए बहुत अधिक मसालेदार, तली हुई और ग्रिल की गई चीजों से परहेज करने की सलाह दी गई है। खासकर शुष्क मौसम में हल्का और संतुलित भोजन लेने पर जोर दिया गया है।

2. घर के अंदर करें बाडुआंजिन एक्सरसाइज, शरीर और दिमाग को मिलेगा आराम

दूसरी पोस्ट में चीन ने व्यायाम और मानसिक शांति को महत्व दिया है। इसमें पारंपरिक चीनी एक्सरसाइज 'बाडुआंजिन' (Baduanjin), जिसे Eight Pieces of Brocade भी कहा जाता है, का सुझाव दिया गया है। यह एक पारंपरिक व्यायाम पद्धति है, जिसमें शरीर की हल्की-फुल्की गतिविधियों के साथ नियंत्रित सांस लेने की प्रक्रिया शामिल होती है। चीन की ओर से इसे शरीर और मन को आराम देने वाला व्यायाम बताया गया है। खास बात यह है कि इसे घर के अंदर भी किया जा सकता है। प्रदूषण के कारण जब बाहर व्यायाम करना मुश्किल हो, तब घर के अंदर हल्की एक्सरसाइज का विकल्प अपनाया जा सकता है।

3. अच्छी नींद भी है जरूरी, सोने और जागने का समय तय करें

तीसरी पोस्ट में चीन ने नींद को स्वस्थ जीवनशैली का अहम हिस्सा बताया है। पोस्ट के मुताबिक, पारंपरिक चीनी स्वास्थ्य पद्धति में नियमित नींद की दिनचर्या को सेहत के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। इसमें सलाह दी गई है कि रोजाना सोने और जागने का समय निश्चित रखें। शरीर को पर्याप्त आराम दें, ताकि वह खुद को रिकवर कर सके। चीन की इस सलाह का मुख्य संदेश है कि प्रदूषण वाले दिनों में खानपान और व्यायाम के साथ पर्याप्त नींद को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

4. घर को रखें साफ, एयर प्यूरीफायर और इनडोर प्लांट्स का करें इस्तेमाल

चौथी पोस्ट में घर के भीतर स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया है। चीन ने कहा है कि घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि शरीर और मन को आराम देने वाला स्थान भी होना चाहिए। इसके लिए घर की नियमित साफ-सफाई करने, एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल करने और घर के अंदर पौधे लगाने की सलाह दी गई है। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि जब बाहर प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो तो खिड़कियां बंद रखनी चाहिए। जब हवा की गुणवत्ता में सुधार हो, तभी घर में ताजी हवा आने के लिए वेंटिलेशन करना चाहिए।

5. बाहर निकलने से पहले AQI चेक करें, जरूरत पड़ने पर N95 मास्क पहनें

पांचवीं पोस्ट में चीन ने प्रदूषण से सीधे बचाव के उपाय बताए हैं। इसमें लोगों को घर से बाहर निकलने से पहले एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI चेक करने की सलाह दी गई है।चीन की पोस्ट के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर अच्छी तरह फिट होने वाला N95 मास्क पहनना चाहिए। घर वापस आने के बाद हाथ और चेहरा धोने तथा बाहर पहने हुए कपड़े बदलने की सलाह भी दी गई है।इस पोस्ट का मुख्य संदेश यह है कि प्रदूषण से बचाव के लिए केवल पर्यावरण में सुधार का इंतजार करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी कुछ सावधानियां अपनानी जरूरी हैं।

दिवाली पर चीन ने दी शुभकामनाएं, दिखाया गुआंग्शी प्रांत का रिवर लैंटर्न सॉन्ग फेस्टिवल

प्रदूषण से बचाव के पांच सुझावों के अलावा चीन के दूतावास ने दिवाली के मौके पर भारत के लोगों को खास अंदाज में शुभकामनाएं भी दीं। दूतावास की ओर से सोशल मीडिया पर लिखा गया, 'आज भारत दीपावली की चमक से जगमगा रहा है।'इसके साथ चीन के गुआंग्शी प्रांत में आयोजित होने वाले रिवर लैंटर्न सॉन्ग फेस्टिवल का जिक्र किया गया। चीनी दूतावास ने लिखा कि परंपराएं भले ही अलग-अलग हों, लेकिन दिल से की जाने वाली शुभकामनाएं एक जैसी होती हैं। दूतावास ने दीपावली के मौके पर लोगों और उनके परिवारों के लिए खुशियों, शांति और समृद्धि की कामना की।

इस संदेश के साथ कई तस्वीरें भी साझा की गईं। इनमें नदी के पानी पर तैरती रंग-बिरंगी लालटेन, रोशनी से जगमगाते पुल और पारंपरिक इमारतें दिखाई दे रही हैं। तस्वीरों में लोग नदी किनारे लालटेन सजाते और उन्हें पानी में प्रवाहित करते नजर आ रहे हैं। रात के अंधेरे में सैकड़ों लालटेन की रोशनी से पूरा नदी क्षेत्र जगमगाता दिखाई देता है। एक तस्वीर में आतिशबाजी का नजारा भी देखने को मिलता है।

क्या है River Lantern Song Festival?

River Lantern Song Festival चीन के गुआंग्शी प्रांत की स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा उत्सव है। इसमें नदी पर रंग-बिरंगी लालटेन सजाई जाती हैं। रात में पानी पर तैरती इन लालटेन की रोशनी से एक खूबसूरत नजारा बनता है। इसके साथ स्थानीय संगीत, पारंपरिक संस्कृति और सामुदायिक उत्सव भी जुड़े होते हैं। चीन की ओर से इस उत्सव की तस्वीरें ऐसे समय में साझा की गईं, जब भारत में दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा था। दूतावास ने दोनों देशों की अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं का जिक्र करते हुए त्योहार के मौके पर शुभकामनाएं दीं।

प्रदूषण के बीच चीन की पांच सलाह और दिवाली का सांस्कृतिक संदेश

चीन की ओर से साझा की गई पूरी सीरीज में पांच बातें प्रमुखता से सामने आती हैं। संतुलित भोजन, घर के अंदर हल्का व्यायाम, नियमित नींद, घर में स्वच्छ हवा और बाहर निकलते समय प्रदूषण से बचाव। वहीं, दिवाली की शुभकामनाओं के साथ त्यौहार की तस्वीरें साझा कर चीन ने अपनी सांस्कृतिक परंपरा की झलक भी दिखाई है। दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या के बीच चीन की इन पोस्ट ने खानपान से लेकर रोजमर्रा की जीवनशैली और व्यक्तिगत सुरक्षा तक कई पहलुओं पर ध्यान खींचा है।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article