पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री और इमरान खान के नेतृत्व वाली पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरैशी जेल में गिरकर बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।जेल के एक अधिकारी ने बताया, 'सोमवार को लाहौर की कोट लखपत जेल में अपनी बैरक में टहलते समय कुरैशी को चक्कर आ गया, जिससे उनके घुटने और बांह में चोटें आईं।'
उन्होंने बताया कि 70 वर्षीय नेता को इलाज के लिए पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी में भर्ती कराया गया।कुरैशी मई 2023 में हुए दंगों से जुड़े कई मामलों में अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं।
वरिष्ठ नेता को बेहोश होकर गिरने के बाद अस्पताल ले जाया गया
कुरैशी के वकील राणा मुदस्सर उमर के अनुसार, इस वरिष्ठ नेता को बेहोश होकर गिरने के बाद अस्पताल ले जाया गया।उन्होंने बताया कि कुरैशी को 24 घंटे तक निगरानी में रखा जा रहा है। इसके बाद तय किया जाएगा कि उन्हें अस्पताल में ही रखा जाएगा या वापस जेल भेजा जाएगा।कुरैशी की बेटी मेहर बानो ने कहा, 'साढ़े तीन साल पहले एक पूरी तरह स्वस्थ और साहसी व्यक्ति को मनगढ़ंत आरोपों में जेल भेज दिया गया था। उन्होंने न केवल साइफर मामले में दृढ़ संकल्प और साहस के साथ लड़ाई लड़ी, बल्कि निजी स्वार्थ के लिए अपने सिद्धांतों से समझौता करने से भी इनकार कर दिया।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बॉम्बे हाईकोर्ट से Imran Khan को राहत जारी, भारत छोड़ने के नोटिस पर रोक बरकरार
उन्होंने कहा कि उनके पिता दो साल से अधिक समय से नौ मई की घटनाओं से जुड़े झूठे आरोपों में कोट लखपत जेल में बंद हैं।उन्होंने मांग की, 'कुरैशी को कई बार बरी किया जा चुका है, लेकिन सरकार की दुर्भावना के कारण वह अब भी जेल में हैं। जमानत पर 90 से अधिक सुनवाई हो चुकी हैं, लेकिन रिकॉर्ड अब तक पेश नहीं किया गया है। जिस व्यक्ति की बेगुनाही बार-बार साबित हो चुकी है, उसे हिरासत में रखा जा रहा है... अब समय आ गया है कि न्यायाधीश अपना अधिकार स्थापित करें और उन्हें जमानत दें।'
'उन्होंने दो बार पाकिस्तान के विदेश मंत्री के रूप में काम किया'
उन्होंने कहा कि उनके पिता ने अपने जीवन के चार दशक से अधिक समय पाकिस्तान की सेवा में समर्पित किए हैं। उन्होंने कहा, 'उन्होंने दो बार पाकिस्तान के विदेश मंत्री के रूप में काम किया है और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के संसदीय नेता तथा उपाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और पाकिस्तान के हितों की रक्षा की है। उन्होंने संविधान की सर्वोच्चता और लोकतंत्र के लिए संघर्ष किया है। वह न्याय और आजादी के हकदार हैं।'
