शहर

UP Politics: गोवर्धन पूजा के बहाने बीजेपी का सियासी चाल, 'यादव वोट बैंक' में सेंधमारी की कोशिश !

बीजेपी ने गोवर्धन पूजा के बहाने यूपी के 10 फीसद यादवों को साधने की कोशिश की। पहली बार ऐसा हो रहा है जब नमो घाट पर होने वाले गोवर्धन पूजा में बीजेपी का कोई बड़ा नेता पहुंचा।

Image

मुख्य अतिथि के तौर पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव पहुंचे

उत्तर प्रदेश की राजनीति में मजबूत दखल रखने वाले यादव समाज को लेकर बीजेपी ने बड़ा प्लान तैयार किया है। अभी तक समाजवादी पार्टी के परंपरागत वोट कहे जाने वाले यादव समाज में बीजेपी सेंधमारी की कोशिश कर रही है। इसी के तहत वाराणसी में बीजेपी ने गोवर्धन पूजा के मौके पर बड़ा सियासी मंच सजाया। मुख्य अतिथि के तौर पर मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव पहुंचे।

काशी के नमो घाट पर वैसे तो कार्यक्रम, गोवर्धन पूजा का था लेकिन बीजेपी ने बड़ा सियासी संदेश दिया। बीजेपी ने गोवर्धन पूजा के बहाने यूपी के 10 फीसद यादवों को साधने की कोशिश की। पहली बार ऐसा हो रहा है जब नमो घाट पर होने वाले गोवर्धन पूजा में बीजेपी का कोई बड़ा नेता पहुंचा। जानकारों के मुताबिक ये धार्मिक कार्यक्रम था, लेकिन इसे विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का मास्टर स्ट्रोक बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के जरिये बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के परंपरागत यादव वोट बैंक में सीधी सेंधमारी की कोशिश की है।

मोहन यादव ने 10 विभूतियों को 'गोवर्धन श्री सम्मान' से सम्मानित किया

इसके पहले हथुआ मार्केट से शुरू हुई शोभायात्रा लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन होते हुए नमो घाट पहुंची। शाम 7 बजे नमो घाट पर हुई आध्यात्मिक सभा में मोहन यादव ने 10 विभूतियों को 'गोवर्धन श्री सम्मान' से सम्मानित किया। इस दौरान यूपी सरकार के मंत्री गिरीश यादव भी मौजूद रहे।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: BJP का मास्टरस्ट्रोक या सियासी दबाव की रणनीति?

यूपी में क्या है यादव वोट बैंक की गणित ?

यूपी में यादव मतदाता करीब 9% से 10% हैं। यानी लगभग 1.5 करोड़ वोटर। यूपी की 403 में से 50-55 सीटों पर यादव वोट ही हार-जीत तय करता है। खास तौर से आजमगढ़, मैनपुरी, इटावा, बदायूं, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया, गोरखपुर बेल्ट में यादव सबसे निर्णायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में SP को यादवों का 70% से ज्यादा वोट मिला था, जबकि BJP को सिर्फ 15-18% के आसपास।

क्या बीजेपी की तरह मिलेगी कामयाबी

बीजेपी को बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों से मजबूती मिली है।दरअसल बिहार में यादव आबादी 14.26% है,करीब 1.33 करोड़ वोट, 2025 के बिहार चुनाव में पहली बार 23% यादवों ने NDA को वोट दिया, जो RJD के लिए खतरे की घंटी थी। BJP को लगा अगर बिहार में सेंध लग सकती है, तो UP में क्यों नहीं?

समाजवादी पार्टी की बढ़ी बेचैनी

दूसरी ओर SP ने हाल के सालों में अपनी राजनीति बदली है। कभी समाजवादी पार्टी में MY (मुस्लिम-यादव) फॉर्मूला चलता था लेकिन अब नया समीकरण बना है, जिसे PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) कहा जा रहा है। समाजवादी पार्टी की चुनौती ये है कि यादव को बचाए रखना है, लेकिन साथ में गैर-यादव OBC और दलित को भी जोड़ना भी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है - क्या यूपी का यादव BJP के यादव CM के चेहरे पर भरोसा करेगा, या अखिलेश यादव के PDA के साथ रहेगा? इसका जवाब 2027 के चुनाव में मिलेगा।

End of Article