Rahul Gandhi CEC Protest: विपक्षी गुट इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने, एसआईआर पूरी तरह से रद्द करने और ईवीएम की जगह बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किए।
हालांकि, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कई नेता आकाशवाणी भवन के बाहर धरने प्रदर्शन पर बैठ गए। दिल्ली में सियासी घमासान के बीच हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस प्रदर्शन से दूरी बनाई है।
मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कि वह दिल्ली में सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग वाले विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन में इसलिए शामिल नहीं हुए, क्योंकि वे इंडिया ब्लॉक का हिस्सा नहीं हैं। उनका कहना है कि वो बेगानी शादी में नहीं जाना चाहते। उन्होंने कहा, "मैं नहीं गया, क्योंकि मैं उसका (इंडिया ब्लॉक) हिस्सा नहीं हूं। किस्सा खतम। मैं उसका हिस्सा ही नहीं हूं। बेगानी शादी में मेरा क्या काम?"
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
वहीं, मार्च में शामिल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोग चुनाव का बहिष्कार नहीं करेंगे। इन लोगों को वोट से हराएंगे। भाजपा और सीईसी दोनों को जाना होगा।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
आकाशवाणी भवन के परिसर में मौजूद राहुल गांधी ने मीडिया से बात की है। ईसीआई भवन नहीं जाने देने पर राहुल ने पूछा कि हमें क्यों रोका जा रहा है। हम ज्ञानेश कुमार से मिलना चाहते हैं। ईसीआई का काम चुनाव कराना है। कांग्रेस सांसद ने भाजपा-आरएसएस पर हमला बोला। उन्होंने आरएसएस-भाजपा पर लोकतंत्र खत्म करने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि वह देश की आवाज उठा रहे हैं। मोदी और शाह ने देश को हाईजैक कर लिया है।
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने कहा, 'ज्ञानेश, भाई आपका खेल अब खत्म, यह इस्तीफा देने का समय है।' इस मार्च में प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव सहित इंडिया गठबंधन के कई नेता शामिल हैं। चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाल रहे विपक्ष को सुरक्षाकर्मियों ने नीति आयोग के कार्यालय के पास रोक दिया। इसके बाद विपक्षी नेता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए।
