Jharkhand Students Protest: जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर रांची में छात्रों का आंदोलन जारी है। इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हमारा एजुकेशन सिस्टम ढह गया है।
राहुल गांधी ने वीडियो संदेश जारी करते हुए झारखंड के आंदोलनकारी छात्रों का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा, ''झारखंड के छात्र अपने हक के लिए प्रदर्शन कर रहे हैं। प्लीज उनको सपोर्ट करें।''
'एजुकेशन सिस्टम के खिलाफ हो रहा आंदोलन'
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने कोटा और देहरादून में छात्रों का विषय उठाया है तथा आठ अगस्त को प्रयागराज जाकर भी छात्रों के बारे में बात करेंगे। उन्होंने कहा कि देखिए, देश में एजुकेशन सिस्टम के खिलाफ छात्रों का आंदोलन हो रहा है। मैंने देहरादून और कोटा में कहा है और इलाहाबाद (प्रयागराज) में जाकर कहने वाला हूं कि हमारा एजुकेशन सिस्टम ध्वस्त, बहुत महंगा और दमनकारी है।
रायबरेली सांसद ने कहा, ''चाहे कांग्रेस की सरकार हो, केंद्र सरकार या झारखंड की सरकार, हर सरकार को छात्रों की बात सुननी चाहिए और एजुकेशन सिस्टम को बदलने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।'' राहुल गांधी ने पहली बार रांची में छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर यह टिप्पणी की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'CCTV की निगरानी में हो वार्ता...', आंदोलनकारी छात्रों की हेमंत सरकार को दो टूक
सोरेन सरकार की सहयोगी है कांग्रेस
सनद रहे कि कांग्रेस झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार की सहयोगी है। इससे पहले, पार्टी के झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी के राज्य के नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
राजू ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''हमने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत करने और ठोस समाधान सुझाने के लिए मंत्रिस्तरीय समिति गठित करने के मुख्यमंत्री के सकारात्मक एवं संवेदनशील फैसले के लिए उनका धन्यवाद किया।'' उन्होंने कहा कि झारखंड कांग्रेस न्याय की मांग कर रहे छात्रों के समर्थन में खड़ी है।
