Amritpal Singh News: वारिस पंजाब दे के मुखिया और खालिस्तानी नेता अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी के लिए पंजाब पुलिस बीते तीन दिनों से छापेमारी कर रही है। पुलिस ने अब तक उसके 114 गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जिसमें अमृतपाल के चाचा और ड्राइवर हरप्रीत सिंह समेत चार शीर्ष नेता शामिल हैं। खास बात यह है कि पंजाब पुलिस ने शीर्ष नेताओं को पंजाब की जेलों में न रखकर भाजपा शासित राज्य असम की डिब्रूगढ़ जेल में शिफ्ट किया है।
पंजाब पुलिस के इस कदम के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर ऐसी कौन सी वजह थी की अमृतपाल के गुर्गों को पंजाब पुलिस अपनी जेलों में रखने से डर रही है और असम की जेलों पर इतना भरोसा क्यों जताया जा रहा है? वह भी तब जब भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकार के बीच खींचतान जगजाहिर है। ऐसे में आइए समझते हैं, पंजाब पुलिस और गृह मंत्रालय की पूरी रणनीति...
