गोंडा में कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने योगगुरु बाबा रामदेव को लेकर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने रामदेव की कार्यशैली और उनके सार्वजनिक बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनसे बड़ा ‘एक्टर’ शायद ही कोई होगा। करण भूषण ने कहा कि बाबा रामदेव को यह अच्छी तरह मालूम है कि किस समय क्या कहना है,किसके साथ खड़ा होना है और कब किससे दूरी बनानी है। करण भूषण ने कहा कि हालात के हिसाब से अपनी भूमिका बदलना रामदेव को बखूबी आता है।
कभी पहलवान तो कभी इन्फ्लुएंसर बन जाते हैं बाबा रामदेव
करण भूषण ने कहा कि बाबा रामदेव योग गुरु हैं,लेकिन उनके कारनामे सिर्फ योग तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने रामदेव के सोशल मीडिया पर सामने आने वाले वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि कभी वह कुश्ती करते नजर आते हैं,कभी किसी व्यक्ति के साथ अलग तरह की गतिविधि करते दिखते हैं और कभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ दिखाई देते हैं। करण भूषण ने इसी अंदाज को आधार बनाकर रामदेव पर तंज कसा और कहा कि उनमें कई तरह के गुण हैं और वह किसी भी भूमिका में नजर आ सकते हैं।
पतंजलि के उत्पादों को लेकर भी उठाए सवाल
बाबा रामदेव पर टिप्पणी करते हुए करण भूषण सिंह ने पतंजलि के उत्पादों को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वह खुद पतंजलि का कोई उत्पाद इस्तेमाल नहीं करते। इतना ही नहीं, उन्होंने लोगों को भी इन उत्पादों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। करण भूषण सिंह ने इस दौरान पतंजलि के सामान को लेकर ‘मिलावट’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर देश के बड़े नेता और अधिकारी सार्वजनिक रूप से यह बताएं कि वे पतंजलि के उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, तो वह भी इन सामानों की गुणवत्ता को लेकर अपनी राय बदलने पर विचार करेंगे।उन्होंने कहा कि बड़े नेता सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करके यह बता सकते हैं कि वे पतंजलि का टूथपेस्ट, घी, दवा या कोई अन्य सामान इस्तेमाल करते हैं। करण भूषण ने कहा कि अगर ऐसा सार्वजनिक तौर पर सामने आता है तो वह मानेंगे कि इन उत्पादों पर भरोसा किया जा सकता है।
