PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर बरसते दिखे। पीएम मोदी ने एक के बाद एक विपक्षी नेताओं को निशाने पर लिया और अपनी सरकार की उपलब्धियों पर बात की।
विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्ष के सभी आरोपों का जवाब दिए। पीएम मोदी ने कहा कि लगातार झूठ बोलने के बाद भी उन्हें पराजय मिली है। नरेंद्र मोदी ने कहा- "दुनिया के सबसे बड़े चुनाव अभियान में जनता ने हमें चुना है और मैं कुछ लोगों का दर्द समझ सकता हूं। लगातार झूठ फैलाने के बावजूद उन्हें भारी हार का सामना करना पड़ा। "2014 से पहले एक समय था जब आतंकवादी जहां चाहें वहां आकर हमला कर सकते थे। निर्दोष लोगों की हत्या की जाती थी, भारत के हर कोने को निशाना बनाया जाता था और सरकारें चुपचाप बैठी रहती थीं। 2014 के बाद, हिंदुस्तान के घर में घुसकर मारता है..."
क्या बोले पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं, "2014 से पहले एक समय था जब वो 7 शब्द (इस देश का कुछ नहीं हो सकता) भारत के लोगों के मन में बैठ गए थे, समाज निराशा की गहराइयों में डूबा हुआ था, तब देश के लोगों ने हमें उनकी सेवा के लिए चुना और उस पल से देश में परिवर्तन का युग शुरू हुआ और पिछले 10 वर्षों में मेरी सरकार को अनेक सफलताएँ मिलीं, अनेक उपलब्धियाँ मिलीं, लेकिन एक उपलब्धि जिसने सभी को ताकत से भर दिया, वो थी देश को निराशा की गहराइयों से निकाल कर आशा और विश्वास के साथ खड़ा करना, देश में आत्मविश्वास का निर्माण हुआ...देश ने विश्वास करना शुरू किया, जो लोग 2014 से पहले कहते थे कि कुछ नहीं हो सकता, वो कहने लगे कि इस देश में कुछ भी हो सकता है, इस देश में सब कुछ संभव है, हमने ये विश्वास जगाने का काम किया..."
पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आगे कहा कि घोटालों का एक दौर था जब यह बेशर्मी से सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया जाता था कि दिल्ली से 1 रुपया भेजा जाए तो सिर्फ 15 पैसे पहुंचते हैं। 1 रुपये में 85 पैसे का घोटाला होता है। घोटालों की इस दुनिया ने देश को निराशा की गहराइयों में डुबो दिया था। अगर कोई गरीब व्यक्ति घर खरीदना चाहता है, तो उसे हजारों रुपये की रिश्वत देनी पड़ती थी। गैस कनेक्शन के लिए लोगों को सांसदों के चक्कर लगाने पड़ते थे और तब भी उन्हें गैस कनेक्शन नहीं मिलता था..."
राहुल गांधी ने लगाए थे गंभीर आरोप
पीएम मोदी के संबोधन से एक दिन पहले लोकसभा मे विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बीजेपी और सरकार पर कई आरोप लगाए थे। उनके हिंदू वाले बयान पर जबरदस्त हंगामा हुआ था। जिसके बाद उनके भाषण के कुछ अंश को स्पीकर ओम बिरला ने रिकॉर्ड से हटाने के निर्देश दिए थे।
