देश

कर्नाटक में बैनर की वजह से दो गुटों में हिंसक झड़प, एक शख्स की मौत; आखिर क्या है मामला?

कर्नाटक के बल्लारी में बैनर लगाने को लेकर बीजेपी और कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़प हिंसक हो गई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और हवा में फायरिंग करनी पड़ी। फिलहाल शहर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं और स्थिति शांत बनी हुई है।

Image

कर्नाटक के बल्लारी शहर में दो गुटों में हुई हिंसक झड़प।(फोटो सोर्स: PTI)

Photo : PTI

कर्नाटक के बल्लारी शहर में दो गुटों की झड़प की वजह से हंगामा खड़ा हो गया। दरअसल, नारा भरत रेड्डी और गली जनार्दन रेड्डी समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसकी वजह से शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। बता दें कि गुरुवार को बैनर लगाने को लेकर दो राजनीतिक गुटों के बीच हुए हिंसक टकराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, यह झड़प बीजेपी विधायक जनार्दन रेड्डी और कांग्रेस विधायक भरत रेड्डी के समर्थकों के बीच हुई। घटना अवाम्भावी इलाके में उस समय भड़की, जब भरत रेड्डी के समर्थक जनार्दन रेड्डी के आवास के सामने बैनर लगाने की कोशिश कर रहे थे। इसका विरोध होने पर पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

पत्थरबाजी और फायरिंग का आरोप

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों पक्षों की ओर से पत्थरबाजी की गई। मौके पर हालात संभालने पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक निजी गनमैन को कथित तौर पर हवा में गोलियां चलाते देखा जा सकता है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

हालात काबू में लाने के लिए लाठीचार्ज

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवा में फायरिंग भी की। इस दौरान कई लोग घायल हुए हैं, जिनकी संख्या और पहचान की पुष्टि की जा रही है।

वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण से पहले तनाव

यह टकराव 3 जनवरी को प्रस्तावित वाल्मीकि प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से ठीक पहले हुआ, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

पुलिस ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है और वायरल वीडियो समेत सभी आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल शहर में स्थिति शांत है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article