देश

ममता के घर के बाहर पुलिस बल अब भी तैनात; TMC भड़की, BJP दिया 'अंडा अटैक' का हवाला

रविवार रात से ही ममता बनर्जी के घर तक जाने वाली संकरी गली और उसके आस-पास पुलिसकर्मी, केंद्रीय बल और कई गाड़ियां तैनात थीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की आवश्यकता पर सवाल उठाए।

Image

ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस तैनात

Photo : PTI

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास के बाहर सोमवार को भी राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी तैनाती रही। विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस सुरक्षा का मकसद बनर्जी को बारुईपुर जाने से रोकना था जहां वह उस 11 साल की लड़की के परिवार से मिलने वाली थीं जिसकी कथित तौर पर बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी। भारतीय जनता पार्टी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि सुरक्षा बलों की यह तैनाती जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति के लिए आम सुरक्षा उपायों के तहत की गई थी।

केंद्रीय बल और कई गाड़ियां तैनात

रविवार रात से ही ममता बनर्जी के घर तक जाने वाली संकरी गली और उसके आस-पास पुलिसकर्मी, केंद्रीय बल और कई गाड़ियां तैनात थीं, जबकि तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की आवश्यकता पर सवाल उठाए। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने आरोप लगाया कि बनर्जी को दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर जाने से रोकने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। बारुईपुर में एक लड़की का शव मिलने और उसके बाद हुई हिंसा के कारण तनाव बना हुआ है। तृणमूल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने दावा किया, कल रात से ही सुरक्षा बलों की भारी तैनाती है। इसका मकसद साफ तौर पर ममता बनर्जी को बारुईपुर जाने और पीड़ित परिवार से मिलने से रोकना है।

दिलीप घोष ने कहा- डरने की जरूरत नहीं

ये आरोप सबसे पहले रविवार रात को विधायक कुणाल घोष और राज्यसभा सदस्य डेरेक ओब्रायन समेत तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं ने लगाए। उन्होंने ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस की गाड़ियों और अवरोधक लगाए जाने को लेकर सवाल उठाए। पार्टी ने सुरक्षा बलों की इस तैनाती को विपक्षी दल को डराने और अपने नेताओं की आवाजाही पर रोक लगाने की कोशिश बताया। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री दिलीप घोष ने तृणमूल कांग्रेस के दावों को खारिज कर दिया और कहा कि ममता बनर्जी को सुरक्षा इंतजामों से डरने की कोई जरूरत नहीं है।

घोष ने पत्रकारों से कहा, उन्हें (ममता बनर्जी) डर है कि उन पर अंडे फेंके जा सकते हैं; इसीलिए उनके घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। बारुईपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पहले ही कार्रवाई कर चुकी है। मंत्री ने कहा, पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

बारुईपुर में 11 साल की बच्ची की हत्या-दुष्कर्म से तनाव

यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब बारुईपुर के सूर्यापुर हाट क्षेत्र से 11 साल की लड़की की मौत को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। लड़की एक दिन पहले ही लापता हो गई थी। शव एक बोरी में भरा मिला था जिससे स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। उन्होंने सड़कें जाम कर दीं, टायर जलाए और पुलिस की गाड़ियों में तोड़-फोड़ की, साथ ही दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग की। बाद में स्थिति तब हिंसक हो गई जब भीड़ ने इस अपराध में शामिल आरोपी व्यक्ति की कथित तौर पर पीट पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने लड़की की मौत के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है और कहा है कि जांच जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें