NDA Conclave: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को एनडीए कॉन्क्लेव को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अनेक उतार-चढ़ाव देखते हुए एक दिन यह पड़ाव भी आएगा। मैंने कभी सोचा नहीं था। निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में निरंतर सबसे लंबी अवधि तक सेवा करने का अवसर इसे मैं अपना परम सौभाग्य मानता हूं। आपने इस अवसर पर मुझे सम्मानित किया। इतना मान दिया। इसके लिए मैं आप सभी का बहुत-बहुत आभारी हूं।
उन्होंने कहा कि इतने लंबे समय तक मां भारती की सेवा सेवा का सौभाग्य मिलना। ये ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव हो सकता है। और मेरे लिए तो जनता जनार्दन ही ईश्वर का रूप है। और इसलिए मैंने सेवा कार्य को हमेशा एक साधना के रूप में ही देखा है। और यह साधना भी एकाकी नहीं रही है। यह एक सामूहिक यज्ञ है। जिसमें आप सबने और अनेकों साथियों ने कर्तव्य भाव से अपना योगदान दिया है। मैं आज इस यात्रा के ऐसे सभी साथियों के प्रति भी अपना आभार प्रकट करता हूं।
'NDA सदस्यों ने पेश किया एक प्रस्ताव'
पीएम मोदी ने कहा कि आज एनडीए परिवार के सदस्यों ने एक प्रस्ताव भी पेश किया, जो आप सभी की उदारता है, क्योंकि मैं इस यात्रा को अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं मानता हूं। यह हर दृष्टिकोण से हम सबकी सामूहिक उपलब्धि है। यह एनडीए के हर घटक दल की एक समान उपलब्धि है। इसलिए मैं इस प्रस्ताव को भाजपा समेत हमारे एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं को समर्पित करता हूं।
'देश की जनता को मेरा नमन'
पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता ने राष्ट्रीय स्तर पर राजनीतिक स्थिरता का महत्व समझा है। यह जनता-जनार्दन की परिपक्वता ही है कि उसने लंबे समय तक मुझे इस तरह जनता की सेवा का अवसर दिया। 2014 से पहले के कई दशक बहुत अस्थिर थे और उथल-पुथल से भरे हुए थे। इसका देश को बहुत नुकसान भी उठाना पड़ा है, लेकिन अब देश की जनता एक स्थिर सरकार का काम भी देख रही है और उसके निर्णायक क्षमताओं की प्रशंसक भी है। मैं आज देश की महान जनता को नमन करता हूं।
कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है। विकसित भारत का सपना किसी एक सरकार/दल/नेता का नहीं रहा है, बल्कि जन-जन का सपना और संकल्प बन चुका है और इस सपने की पूर्ति के लिए हमें अपना हर पल समर्पित करना है। उन्होंने कहा, ''एनडीए के 12 वर्षों की बड़ी सफलता ये है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचार-बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था। देश को यही अहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे होता है और बड़ी ही चतुराई से धीमे विकास को एक नाम दिया था- हिंदू ग्रोथ रेट, जबकि असल में कुसंस्कृति का नाम कांग्रेस ग्रोथ रेट होना चाहिए था।
जब पहली बार अटल जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार आई तब जाकर हमें एक चलन दिखा कि विकास में गति कैसे आती है, लेकिन दुर्भाग्य से 2004 में देश फिर से अस्थिरता के बवंडर में और कांग्रेस के सिकंजे में फंस गया... विकास तो दूर की बात है। देश को कांग्रेस ने एक के बाद एक हजारों करोड़ों रुपये के घोटालों में घसीट लिया। देश का भाग्य जब बदला जब 2014 में एनडीए की सरकार आई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'नीति-नियत और निर्णय एक साथ हों, तब तेज होती है विकास की गति', भारत मंडपम में पीएम मोदी ने कांग्रेस को दिखाया आईना
देश में 160 से अधिक एयरपोर्ट
देश ने देखा जब नियत, नीति और निर्णय तीनों एक साथ काम करते हैं तो विकास की गति कैसी होती है। जो काम दशकों में होते थे, वो काम महीनों में होने लगे। 2014 में 74 एयरपोर्ट से 2026 में 160 से अधिक एयरपोर्ट तक, 2014 एक हजार किलोमीटर से 2026 में 6,700 किलोमीटर तक, 2014 में सिर्फ 5 शहरों में मेट्रो से 2026 में 20 शहरों से ज्यादा में मेट्रो तक देश ने बहुत लंबी यात्रा तय की।
2014 में देश में केवल 25 करोड़ इंटरनेट यूजर थे, जो आज बढ़कर 100 करोड़ से ज्यादा हो गए। 2014 में डिजिटल पेमेंट ने के बराबर थी और आज भारत डिजिटल ट्रांजेक्शन के मामले में नंबर वन है। 2014 में भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर मोबाइल इंपोर्ट करता था। आज भारत 33 करोड़ से ज्यादा मोबाइल फोन खुद बनाता है। 2014 में सोलर क्षमता केवल 2.5 गीगावॉट थी, जो आज 150 गीगावॉट से ज्यादा है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने PM मोदी को सराहा
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पीएम मोदी की भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर सराहना करते हुए सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया और इस उपलब्धि को भारतीय लोकतंत्र की यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। मंत्रिमंडल के सदस्यों ने पीएम मोदी के कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे होने पर खड़े होकर करतल ध्वनि से उनका अभिवादन किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
