देश

'नीति-नियत और निर्णय एक साथ हों तब तेज होती है विकास की गति', भारत मंडपम में पीएम मोदी ने कांग्रेस को दिखाया आईना

भारत मंडपम में बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’में न गवर्नेंस थी, न नीति, न नियत और न ही निर्णय। इसी वजह से विकास की गति सीमित रही।

Image

पीएम मोदी ने भारत मंडपम से कांग्रेस पर बोला हमला। (फोटो- PTI)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एनडीए कॉन्क्लेव को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि विकास की रफ्तार तब बढ़ती है,जब सरकार की नीति,नियत और निर्णय क्षमता एक साथ काम करती है। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कई क्षेत्रों में हुए बदलावों का उल्लेख किया।

आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ- PM MODI

पीएम मोदी ने कहा कि आज देश का हर नागरिक विकसित भारत के सपने से भरा हुआ है। विकसित भारत का सपना किसी एक सरकार/दल/नेता का नहीं रहा है, बल्कि जन-जन का सपना और संकल्प बन चुका है और इस सपने की पूर्ति के लिए हमें अपना हर पल समर्पित करना है।

कांग्रेस पर बोला हमला

उन्होंने कहा कि एनडीए के 12 वर्षों की बड़ी सफलता ये है कि देश कांग्रेस के कुचक्र से आजाद हुआ है। कांग्रेस ने देश को लाचार-बेचारगी और हीन भावना के गर्त में गिरा दिया था। देश को यही अहसास कराया जाता था कि भारत में विकास धीरे-धीरे होता है और बड़ी ही चतुराई से धीमे विकास को एक नाम दिया था- हिंदू ग्रोथ रेट। इस ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’में न गवर्नेंस थी, न नीति, न नियत और न ही निर्णय। इसी वजह से विकास की गति सीमित रही।

अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में देश ने पहली बार देखी विकास की गति

मोदी ने कहा कि पहली बार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में बनी एनडीए सरकार के दौरान देश को तेज विकास की झलक देखने को मिली थी। हालांकि बाद के वर्षों में वह गति लगातार बनी नहीं रह सकी। उन्होंने कहा कि 2014 में एनडीए सरकार बनने के बाद देश ने देखा कि जब नीति, नियत और निर्णय एक साथ काम करते हैं तो विकास किस तरह नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।

2014 से विकास को मिली नई गति

प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि 2014 के बाद शासन व्यवस्था में तेजी आई और जिन परियोजनाओं को पहले पूरा होने में दशकों लग जाते थे, वे अब महीनों में पूरी होने लगीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देश में 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या 2026 तक बढ़कर 160 से अधिक हो गई है।

बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुई प्रगति

उन्होंने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में हुई प्रगति का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में देश में लगभग 1,000 किलोमीटर एक्सप्रेसवे थे, जो अब बढ़कर करीब 6,700 किलोमीटर तक पहुंच गए हैं। वहीं, मेट्रो रेल सेवा 2014 में केवल पांच शहरों तक सीमित थी, जबकि अब 20 से अधिक शहरों में इसका विस्तार हो चुका है।

रक्षा क्षेत्र में भारत बना आत्मनिर्भर

इस दौरान पीएम मोदी ने रक्षा क्षेत्र का भी उल्लेख किया। पीएम ने कहा कि 2014 में भारत का रक्षा निर्यात लगभग 700 करोड़ रुपये था, जो 2026 तक बढ़कर 23,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत अभियान और रक्षा उत्पादन में बढ़ती क्षमता का ही परिणाम है।

यहां बोलते हुए पीएम मोदी ने डिजिटल क्षेत्र में हुए बदलावों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 में देश में करीब 25 करोड़ इंटरनेट उपयोगकर्ता थे, जबकि आज यह संख्या 100 करोड़ से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत ने दुनिया में अग्रणी स्थान हासिल किया है और आज देश डिजिटल ट्रांजैक्शन के मामले में वैश्विक स्तर पर सबसे आगे है।

मोबाइल निर्माण उद्योग का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय भारत अपनी जरूरत के अधिकांश मोबाइल फोन विदेशों से आयात करता था, लेकिन अब देश में हर साल 33 करोड़ से अधिक मोबाइल हैंडसेट का निर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने विकास के क्षेत्र में लंबी यात्रा तय की है और यह बदलाव मजबूत नीति, स्पष्ट नियत तथा तेज निर्णय क्षमता के कारण संभव हो पाया है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article