देश

'देशवासियों का आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत', ऐतिहासिक रिकॉर्ड के बाद PM मोदी का भावुक संदेश, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक पद पर रहते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का नया इतिहास रच दिया है। इस उपलब्धि पर देश और दुनिया के कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी। इसी कड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की दी गई शुभकामना पर पीएम मोदी ने आभार व्यक्त किया है।

Image

नरेंद्र मोदी बने भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री (फोटो- PTI)

Photo : PTI

PM Narendra Modi: देश और विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री होने की उपलब्धि हासिल करने पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों के लगातार कार्यकाल के साथ भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

PM-JANMAN और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान प्रेरणादायक

इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पीएम मोदी को बधाई देते हुए अपने एक्स पर लिखा कि, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई। यह गौरवपूर्ण अवसर देशवासियों द्वारा आपके नेतृत्व पर व्यक्त किए गए अटूट विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। आपके कार्यकाल में सुशासन, आर्थिक सुदृढ़ता और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है।

आपकी सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने विकास के लाभों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है, जो अंत्योदय के सिद्धांतों के प्रति आपकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आपके नेतृत्व में शुरू की गई अनेक पहलों में PM-JANMAN और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान मेरे लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक और महत्वपूर्ण रहे हैं। आपकी प्रेरणादायक नेतृत्व यात्रा भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ देशवासियों में नई आशा और विश्वास का संचार कर रही है। मैं आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना करता हूं, ताकि आप निरंतर राष्ट्रसेवा करते हुए आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार करने में देश का मार्गदर्शन करते रहें।

"140 करोड़ लोगों का प्रेम, आशीर्वाद और भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा"

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के इस संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने एक्स पर ट्वीट किया कि, "माननीय राष्ट्रपति, आपकी स्नेहपूर्ण शुभकामना और प्रेरक शब्दों के लिए मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। बीते वर्षों में जो भी उपलब्धियां हासिल हुई हैं, वे भारत के नागरिकों की आकांक्षाओं, विश्वास और सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। देश के 140 करोड़ लोगों का प्रेम, आशीर्वाद और भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति और प्रेरणा है। मुझे विशेष प्रसन्नता है कि आपने PM-JANMAN तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी महत्वपूर्ण पहलों का उल्लेख किया। हमारी सरकार अंत्योदय की भावना को केंद्र में रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि देश के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचे।

बता दें कि नरेंद्र मोदी ने पहली बार 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उनका दूसरा कार्यकाल 30 मई 2019 को शुरू हुआ था। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनावों में एक और निर्णायक जीत के बाद मोदी ने नौ जून 2024 को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article