देश

'एक्सपायरी दवा जैसे हैं PM मोदी, राहुल, तेजस्वी', हाजीपुर में PK ने अपने विरोधियों को लिया निशाने पर

जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की तुलना 'एक्सपायरी' दवा से की। पीके ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये नेता भ्रष्टाचार और गरीबी नहीं दूर कर सकते।

Image

बिहार में इसी साल नवंबर में होंगे विधानसभा चुनाव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Prashant Kishor News: बिहार में विधानसभा चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे नेताओं के बीच जुबानी हमले और आरोप-प्रत्यारोप तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव की तुलना 'एक्सपायरी' दवा से की। पीके ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये नेता भ्रष्टाचार और गरीबी नहीं दूर कर सकते।

'पीएम मोदी, तेजस्वी, राहुल एक्सपायरी दवा की तरह'

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक किशोर ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'बिहार में पहली बार नेताओं के मन में डर समा गया है कि यदि वे जनता के बीच नहीं जाएंगे तो लोग उन्हें अपना वोट नहीं देंगे। यह अच्छी बात है। पीएम मोदी, राहुल गांधी, तेजस्वी यादव जैसे नेता एक्सपायरी दवा की तरह हो गए हैं। ये नेता भ्रष्टाचार और बेरोजगारी खत्म नहीं कर सकते।'

बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव इसी साल नवंबर में होगा। राज्य में मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच है। पीके की पार्टी पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ रही है।

'बिहार अधिकार यात्रा' पर निकले हैं तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने मंगलवार को पटना और जहानाबाद जिलों के अलावा नालंदा में भी लगातार रैलियों के साथ 'बिहार अधिकार यात्रा' शुरू की। नालंदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का गृह क्षेत्र है और तेजस्वी ने आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें हराने का संकल्प लिया है। यद्यपि यात्रा की शुरूआत राज्य की राजधानी से लगभग 30 किलोमीटर दूर जहानाबाद से होने वाली थी, लेकिन यादव ने पटना शहर के बाहरी इलाके मसौढ़ी में एक रैली के बाद वहां जाने का फैसला किया। तेजस्वी ने कुल पांच रैलियों को संबोधित किया।

एक रैली जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में हुई

दिन में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में उनकी पांच रैलियां थीं, जिनमें से दो-दो पटना (मसौढ़ी और फतुहा) और नालंदा (इस्लामपुर और हिलसा) में थीं। इसके अलावा एक रैली जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में हुई। इस यात्रा के दौरान विपक्ष के नेता ने 'पीटीआई वीडियो' के साथ बातचीत की। यादव ने कहा, "मैं जहां भी जाता हूं, भीड़ 'दो हजार पांच से पचीस बहुत हुआ नीतीश' का नारा लगाती है।" यादव दो बार अल्पावधि के लिए उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं।

तेजस्वी ने नीतीश का मजाक उड़ाया

राजद नेता ने जद (यू) प्रमुख नीतीश कुमार का मजाक उड़ाया। नीतीश ने सोमवार को पूर्णिया जिले में एक रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा था, "मैं एक या दो मौकों पर इधर-उधर गया होऊंगा, लेकिन अब मैं हमेशा भाजपा का सहयोगी बना रहूंगा।" यादव ने कहा, "मैं यह बात लंबे समय से कह रहा हूं- नीतीश जी अब अपने होश में नहीं हैं। अगर वह एक ही बात बार-बार दोहराते हैं तो इससे यही पता चलता है कि उन्हें खुद पर भरोसा नहीं है।"

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article