अपने हैदराबाद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण के आवास पर पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस मुलाकात को यादगार करार दिया है। साथ ही इसे अपने लिए सम्माननीय बताया।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू बोले- पीएम का घर आना यादगार
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के घर आने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने पीएम के आगमन को 'यादगार'बताते हुए कहा कि उनके आवास पर प्रधानमंत्री का स्वागत करना उनके परिवार के लिए सम्मान और खुशी का क्षण था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गर्मजोशी और स्नेह ने इस मुलाकात को विशेष बना दिया। इस दौरान सीएम नायडू ने आंध्र प्रदेश के विकास के लिए लगातार मिल रहे सहयोग और समर्थन के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।
करीब 20 मिनट तक पवन कल्याण के घर पर रुके पीएम मोदी
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के आवास पहुंचे और हाल ही में हुई सर्जरी के बाद उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। जनसेना पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पवन कल्याण और उनके परिवार ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री करीब 20 मिनट तक उनके आवास पर रुके और बातचीत की।
पीएम मोदी ने भारत के पहले PM मित्रा पार्क का किया उद्घाटन
वहीं, अपने हैदराबाद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना के वारंगल में 1,695.54 करोड़ रुपये की लागत से विकसित भारत के पहले पीएम मित्रा पार्क का उद्घाटन किया।कपड़ा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह पार्क भारत में कपड़ा क्षेत्र के विकास में प्रमुख भूमिका निभाने के लिए तैयार है। इसमें 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की उम्मीद है और इसकी 62 प्रतिशत भूमि पहले ही आवंटित की जा चुका है।
बयान के अनुसार 1,327 एकड़ में फैला यह पार्क कपड़ा मूल्य श्रृंखला में बड़े पैमाने पर अवसर पैदा करने के लिए तैयार है। इससे 24,400 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि हजारों नौकरियां पहले ही सृजित की जा चुकी हैं।
