Telangana Development Projects: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में रविवार को 9,400 करोड़ रुपये मूल्य की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। इस मौके पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान, पीएम मोदी ने तेलंगाना की जनता को इन परियोजनाओं के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत आज रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है, आधुनिक बुनियादी ढांचे का निर्माण भी कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत सौर ऊर्जा के मामले में दुनिया के शीर्ष देशों में शामिल हो गया है और पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार 100 प्रतिशत एलपीजी कवरेज पर केंद्रित थी, और अब इसका ध्यान पाइपलाइन के जरिये गैस की किफायती आपूर्ति पर है, साथ ही साथ सीएनजी के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत दुनियाभर में जारी बड़े ऊर्जा संकट का प्रभावी ढंग से सामना कर रहा है।
पीएम मोदी ने कहा, "आज के समय में यह भी आवश्यक है कि पेट्रोल, गैस, डीजल और ऐसे अन्य उत्पादों का बड़े संयम के साथ उपयोग किया जाए। हमें आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। इससे न केवल विदेशी मुद्रा की बचत होगी बल्कि युद्ध के प्रतिकूल प्रभाव को भी कम किया जा सकेगा।"
किन परियोजनाओं की रखी गई आधारशिला
पीएम मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखीं, जिसमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाना शामिल है। उन्होंने रेलवे की काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के विभिन्न खंडों, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पीओएल (पेट्रोलियम, तेल, लुब्रिकेंट्स) टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास और वारंगल में पीएम मित्र पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का उद्घाटन भी किया। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूरी तरह से कार्यशील पीएम मित्र पार्क है।
