देश

नागपुर में पीएम मोदी ने माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर की रखी आधारशिला, जानिए क्या-क्या होंगी सुविधाएं

माधव नेत्रालय नेत्र संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना 2014 में हुई थी, जिसके बाद आज इसके विस्तार की आधारशिला पीएम मोदी ने रखी है।

Image

शिलान्यास समारोह में पीएम मोदी, RSS प्रमुख मोहन भागवत, देवेंद्र फड़नवीस, नितिन गडकरी, स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज और स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज और अन्य।

Photo : Twitter

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नागपुर स्थित माधव नेत्रालय नेत्र संस्थान और अनुसंधान केंद्र के विस्तार के रूप में ‘माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर’ की आधारशिला रखी। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत भी उपस्थित रहे।

माधव नेत्रालय की 2014 में हुई थी स्थापना

माधव नेत्रालय नेत्र संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र की स्थापना 2014 में की गई थी, और यह एक प्रमुख ‘सुपर-स्पेशलिटी’ नेत्र चिकित्सा केंद्र के रूप में कार्यरत है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से नेत्र संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करना है। यह संस्थान दिवंगत आरएसएस प्रमुख माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर (गुरुजी) की स्मृति में स्थापित किया गया था।

क्या-क्या सुविधाएं

‘माधव नेत्रालय प्रीमियम सेंटर’ के अंतर्गत 250 बिस्तरों वाला अस्पताल, 14 बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) और 14 ‘मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर’ शामिल होंगे, जो लोगों को सस्ती और विश्वस्तरीय नेत्र उपचार सेवाएं प्रदान करने में मदद करेंगे।

पीएम मोदी का नागपुर दौरा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागपुर स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति मंदिर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार और इसके दूसरे सरसंघचालक एम एस गोलवलकर को समर्पित स्मारकों पर रविवार को पुष्पांजलि अर्पित की। मोदी ऐसे समय स्मृति मंदिर पहुंचे जब रविवार को संघ का प्रतिपदा कार्यक्रम है जो हिंदू नववर्ष की शुरुआत के उपलक्ष्य में गुड़ी पड़वा के अवसर पर मनाया जाता है। प्रधानमंत्री ने रविवार को नागपुर में दीक्षाभूमि का भी दौरा किया और डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की। दीक्षाभूमि पर डॉ. भीमराव आंबेडकर ने 1956 में अपने अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म अपनाया था। इससे पहले, मोदी के यहां हवाई अड्डा पहुंचने पर मुख्यमंत्री फडणवीस, केंद्रीय मंत्री गडकरी और भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने उनका स्वागत किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article