देश

पीएम मोदी ने कश्मीर को दी सबसे बड़ी सौगात, चिनाब रेलवे ब्रिज का किया उद्घाटन, ​वंदे भारत ट्रेन को भी दिखाई हरी झंडी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कश्मीर को सबसे बड़ी सौगात दी। पीएम मोदी ने शुक्रवार को चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल का उद्घाटन किया। इस पर वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी।

Image

पीएम मोदी ने किया चिनाब रेलवे ब्रिज का उदघाटन

Photo : ANI

PM Modi in Kashmir: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कश्मीर को सबसे बड़ी सौगात देते हुए चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे पुल का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने तिरंगा फहराकर इस ब्रिज का उद्घाटन किया। वह ब्रिज पर तिरंगा लहराते हुए भी चले। इससे पहले पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से चिनाब रेलवे ब्रिज पहुंचे और चिनाब ब्रिज का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां श्रमिकों-रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों से बातचीत की। उनके साथ रेल मंत्री अश्विन वैष्णव और सीएम उमर अब्दुल्ला भी थे।

वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में कटरा और श्रीनगर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को शुक्रवार को हरी झंडी दिखाई, जो कश्मीर घाटी और जम्मू क्षेत्र के बीच पहली ट्रेन सेवा है। मोदी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित अन्य की उपस्थिति में ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।

पीएम मोदी ने दी कश्मीर में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी

पीएम मोदी ने दी कश्मीर में वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी

उत्तर रेलवे के अनुसार, ट्रेन में दो यात्री श्रेणियां हैं - ‘चेयर कार’ (सीसी) और ‘एक्जीक्यूटिव क्लास’ (ईसी) जिनकी टिकट की कीमत क्रमशः 715 रुपये और 1,320 रुपये है। इससे पहले, मोदी ने चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे पुल का उद्घाटन किया। यह पुल आठ साल से भी अधिक समय में 1,486 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है।

चिनाब पुल के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर में अंजी नदी पर बने भारत के पहले ‘केबल-स्टेड’ रेलवे पुल का उद्घाटन किया।

इसके बाद प्रधानमंत्री तिरंगा थामकर चिनाब रेलवे पुल पर चले। इससे पहले, मोदी रेल के इंजन वाले डिब्बे में सवार होकर उद्घाटन स्थल पर पहुंचे।

दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज

नदी से 359 मीटर की ऊंचाई पर स्थित चिनाब रेल ब्रिज दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह 1,315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है जिसे भूकंप और हवा की स्थिति को झेलने के लिए डिजाइन किया गया है। इस ब्रिज का एक अहम असर जम्मू और श्रीनगर के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में होगा।

‘केबल-स्टेड’ अंजी पुल का भी उद्घाटन

उधमपुर स्थित वायुसेना स्टेशन पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री चिनाब नदी पर बने पुल का उद्घाटन करने के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना हुए थे। प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। चिनाब पुल का उद्घाटन करने के बाद, प्रधानमंत्री मोदी भारत के पहले ‘केबल-स्टेड’ अंजी पुल का भी उद्घाटन किया और 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेलवे लिंक (USBRL) के पूरा होने के उपलक्ष्य में वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई।

कुल 272 किलोमीटर लंबी यूएसबीआरएल परियोजना

कुल 272 किलोमीटर लंबी यूएसबीआरएल परियोजना में से 209 किलोमीटर को चरणों में चालू किया गया था, जिसमें 118 किलोमीटर का काजीगुंड-बारामुल्ला खंड का पहला चरण अक्टूबर 2009 में शुरू हुआ था, इसके बाद जून 2013 में 18 किलोमीटर बनिहाल-काजीगुंड, जुलाई 2014 में 25 किलोमीटर उधमपुर-कटरा और पिछले साल फरवरी में 48.1 किलोमीटर लंबा बनिहाल-सांगलदान खंड चालू हुआ था।

46 किलोमीटर लंबे सांगलदान-रियासी खंड का काम भी पिछले साल जून में पूरा हो गया था, जिससे रियासी और कटरा के बीच कुल 17 किलोमीटर का खंड बच गया और यह खंड आखिरकार दिसंबर 2024 में पूरा हुआ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article