Bihar Chunav Result: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रवार की शाम दिल्ली स्थिति भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत हुआ। इस दौरान पार्टी मुख्यालय में जमकर 'मोदी-मोदी' के नारे लगे। पीएम मोदी जैसे ही भाजपा मुख्यालय पहुंचे, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य नेताओं ने गुलदस्ता देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी ने गमछा हिलाकर भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
'बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया'
भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया। उन्होंने कहा कि बिहार की पूरी जनता ने बता दिया- फिर एक बार एनडीए सरकार। इस दौरान उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर को नमन किया। उन्होंने कहा कि मैंने कर्पूरी ठाकुर जी के गांव से चुनाव अभियान की शुरुआत की।
'बिहार में रिकॉर्ड मतदान'
उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है। मैं बहुत विनम्रता से एनडीए के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। मैं बिहार की महान जनता को आदरपूर्वक नमन करता हूं।
बिहार ने दिया नया MY फॉर्मूला
पीएम मोदी ने कहा, ''एक पुरानी कहावत है- लोहा लोहे को काटता है। बिहार में कुछ दलों ने तुष्टिकरण वाला एमवाई फॉर्मूला बनाया था। पर आज की इस जीत ने एक नया सकारात्मक एमवाई फॉर्मूला दिया है, जो महिला और यूथ है।'' उन्होंने कहा कि आज बिहार के देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है और इसमें हर धर्म और जाति के लोग शामिल हैं। उनकी इच्छा, आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वालों के पुराने और सांप्रदायिक एमवाई फॉर्मूले को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
'कांग्रेस-राजद ने छठी मईयां से नहीं मांगी माफी'
पीएम मोदी ने कहा कि छठी मईयां से कांग्रेस और राजद ने आज तक माफी नहीं मांगी और बिहार के लोग यह कभी नहीं भूलेंगे। बिहार की आन बान और शान हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार छठ को यूनेस्को की हेरिटेज लिस्ट में शामिल करने का प्रयास कर रही है। लक्ष्य यह है कि पूरा देश और पूरी दुनिया इसके महत्व से सांस्कृतिक रूप से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि इस बार छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर छठी मईयां के गीत गूंज रहे थे तो हर कोई इस पावन पर्व में सम्मिलित होता हुआ दिखाई दे रहा था।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष देश के लोगों ने लगातार तीसरी बार एनडीए को अपना जनादेश दिया था। 60 वर्षों बाद ऐसा मौका आया जब किसी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने का अवसर मिला। यह देश के विश्वास का, देशवासियों के आशीर्वाद का परिणाम था। और लोकसभा चुनाव के बाद देश के कई राज्यों में भी हमें विधानसभा चुनावों में प्रचंड बहुमत के साथ जीत मिली। जिस हरियाणा की धरती ने जय जवान जय किसान की भावना को आगे बढ़ाया उस हरियाणा ने हमें लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबा साहब अंबेडकर और वीर सावरकर की पुण्यभूमि महाराष्ट्र में हमें प्रचंड जीत मिली। लगातार तीसरी बार महाराष्ट्र ने हमें विजयी बनाया। हम 25 वर्षों के बाद देश की राजधानी में बहुमत से जीते और आज बिहार में, जहां ग्रामीण हिस्सों में बड़ी जनसंख्या बसी है, वहां हम इतनी बड़ी संख्या में जीतकर आए हैं। देश के हर हिस्सों में हर परंपरा में लोग एनडीए को एक विश्वास और उम्मीद के साथ देख रहे हैं।
नड्डा ने PM मोदी का किया स्वागत
भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं प्रधानमंत्री जी का भारत के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, बिहार के सभी कार्यकर्ताओं और यहां उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं की ओर से अभिनंदन और स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने जो प्रचंड जनादेश दिया है, उसके लिए मैं सभी कार्यकर्ताओं की तरफ से बिहार की जनता का हार्दिक अभिनंदन और धन्यवाद करता हूं।
नड्डा ने कहा कि ये नतीजे बताते हैं कि ये सुनामी है। इस सुनामी ने इस बात को स्पष्ट कर दिया है कि बिहार की जनता हो, या देश की जनता हो, आदरणीय प्रधानमंत्री जी पर सभी को अटूट विश्वास है और प्रदेश को आगे ले जाने के लिए उन्होंने विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है।
'बिहार में सुशासन की हुई जीत'
इससे पहले पीएम मोदी ने 'एक्स' पर कहा कि सुशासन की जीत हुई है। विकास की जीत हुई है। जन-कल्याण की भावना की जीत हुई है। सामाजिक न्याय की जीत हुई है।’’ पीएम मोदी ने कहा, ‘‘राजग ने राज्य का सर्वांगीण विकास किया है। लोगों ने हमारे ट्रैक रिकॉर्ड और राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के हमारे दृष्टिकोण के आधार पर हमें वोट दिया है। मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी और राजग परिवार के हमारे सहयोगियों, चिराग पासवान जी, जीतन राम मांझी जी और उपेंद्र कुशवाहा जी को इस अभूतपूर्व जीत के लिए बधाई देता हूं।’
सनद रहे कि बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रचंड बहुमत की ओर अग्रसर है। नीतीश कुमार संग 'कमल' लगातार खिलता जा रहा है। चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एनडीए समर्थित घटक दलों में शामिल नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जदयू ने भी अप्रत्याशित प्रदर्शन किया है। इसी की बदौलत जदयू दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
